
दीवाली के त्योहार से पहले ही जानलेवा धुल और धुंए ने राजधानी दिल्ली को अपनी चपेट में ले लिया है। दिल्ली में सर्दी की दस्तक के साथ ही धुंध और धुंए का कहर भी खतरनाक रुख लेता जा रहा है। सोमवार की सुबह के साथ ही राजधानी की फिजा और जानलेवा हो गई। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में प्रदूषण के स्तर के आंकड़े खतरनाक तस्वीर बयान कर रहे हैं।
सोमवार के ताजा आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के कई इलाकों की हवा में पीएम 2.5 और पीएम 10 खतरनाक स्तर पर पाए गए हैं। वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स में भी हालात खतरनाक दिखाई दे रहे हैं। सोमवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स के खतरनाक वर्ग में दिल्ली का मंदिर मार्ग 707, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम का इलाका 676, जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम 681 के स्तर पर रहा।
बतां दें पिछले कई दिनों से दिल्ली समेत पूरे एनसीआर के इलाके में हवा की गुणवत्ता बेहद खतरनाक स्तर तक गिरती जा रही है। बीते कई दिनों से प्रदूषण के कहर से राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में सांस लेना मुश्किल हो गया है।
सोमवार को दिल्ली समेत उत्तर भारत में कोहरा छाने की वजह से दिल्ली में धुआं और कोहरा मिक्स हो गया, जिस वजह से हवा के साथ-साथ विजिबिलटी पर असर पड़ा है। दीवाली से पहले ही दिल्ली के इस हाल से साफ पता चलता है कि आने वाले दिनों में मुश्किलें और भी बढ़ सकती हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 05 Nov 2018, 12:41 PM IST