
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले को बिहार के इतिहास का सबसे बड़ा अपहरण करार दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने ने तो फिरौती में पूरा बिहार मांग लिया है। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी की दूसरी सहयोगी पार्टियों को भी आगाह किया है।
अखिलेश यादव ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर जेडीयू कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ करने का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि "बिहार के इतिहास का सबसे बड़ा अपहरण! ये दिखने में राजनीतिक अपहरण है, लेकिन दरअसल ये बिहार का आर्थिक अपहरण है। भाजपा ने तो फिरौती में पूरा बिहार माँग लिया। अगला नंबर… समझदार को इशारा काफ़ी।"
इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सांसद मनोज झा ने भी नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव लड़ने की घोषणा पर गुरुवार को तंज कसते हुए कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नेता द्वारा ‘एक्स’ पर किये गये पोस्ट का मसौदा ‘दिल्ली दरबार’ में तैयार किया गया प्रतीत होता है। झा ने यह भी कहा कि बिहार की जनता नीतीश के इस कदम का जवाब देगी।
मनोज झा ने कहा, “उस पोस्ट को पढ़ने के बाद मैं विश्वासपूर्वक कह सकता हूं कि यह उन्होंने नहीं लिखा है। यह पोस्ट दिल्ली में तैयार किया गया है। अगर आप बिहार के किसी 10 साल के बच्चे से भी इस पोस्ट के बारे में पूछेंगे, तो वह ‘दिल्ली दरबार’ की ओर इशारा करेगा।” आरजेडी नेता ने कहा कि जडीयू के ‘कट्टर समर्थक’ इस कदम से ‘आहत’ हैं। झा ने कहा, “मैंने पहले भी कहा था, यह अंत नहीं है। उन्होंने (बीजेपी) ‘शिंदे मॉडल’ को नए सिरे से पेश किया है... लेकिन बिहार अलग है।
बता दें कि गुरुवार को नीतीश कुमार और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन सहित एनडीए के पांच उम्मीदवारों ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राज्यसभा जाने के अपने फैसले की जानकारी दी। एनडीए के अन्य उम्मीदवारों में बिहार में बीजेपी के प्रदेश महासचिव शिवेश कुमार, जेडीयू के राम नाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। बिहार में राज्यसभा की पांच सीट के लिए चुनाव की घोषणा हो चुकी है और राज्य विधानसभा में सीट संख्या को देखते हुए एनडीए उम्मीदवारों की जीत निश्चित है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए