
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई और अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जहां कार्रवाई होनी चाहिए, वहां नहीं हो रही, जबकि उत्तर प्रदेश में छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित मामले को लेकर भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
दरअसल, समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव और उनके सहयोगियों से जुड़े कई ठिकानों पर बुधवार को ईडी ने छापेमारी की। इसी कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, "छापा मारना चाहिए कर्नाटक और महाराष्ट्र में, मार रहे हैं यूपी में। जहां 'सीसी' का माल है, वहां नहीं जाते हैं, बस दिखावटी औपचारिकता निभाते हैं।" इस पोस्ट के जरिए उन्होंने केंद्र सरकार पर चयनात्मक कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित मामले का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस खबर से दुनिया भर का सनातन समाज आहत और शर्मसार है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने मंदिर में दान और चंदा दिया था, वे भी इस घटनाक्रम से दुखी हैं। अपने एक्स पोस्ट में उन्होंने कहा कि इस प्रकरण से धर्म के साथ-साथ देश की भी बदनामी हुई है और सरकार की धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक तथा आर्थिक विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि दुनिया भर के निवेशक अब अपना हाथ खींच रहे हैं, क्योंकि उन्हें सरकार पर भरोसा नहीं रह गया है।
उल्लेखनीय है कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली बैठक हुई। बैठक में ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने बताया कि नए महामंत्री की नियुक्ति तक कृष्ण मोहन को अंतरिम महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा प्रमुख अधिकारियों की नियुक्ति के लिए एक समिति गठित की गई है। इस संबंध में आगे की प्रक्रिया पर विचार करने के लिए ट्रस्ट की अगली बैठक 22 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए