हालात

लखनऊ अग्निकांड पर अखिलेश यादव का सरकार पर निशाना, बोले- समय पर कार्रवाई होती तो बच सकती थी बच्चों की जान

अखिलेश यादव ने कहा कि अलीगंज की घटना केवल एक हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था की विफलता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा नियमों का पालन कराया गया होता और बचाव उपकरण उपलब्ध होते तो कई बच्चों की जान बचाई जा सकती थी।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी, राहत एवं बचाव कार्यों में देरी और प्रशासनिक लापरवाही के कारण कई मासूम बच्चों की जान चली गई।

Published: undefined

सपा प्रमुख ने मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग करते हुए कहा कि सरकार इस त्रासदी की नैतिक जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। सपा मुख्यालय में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि अलीगंज की घटना केवल एक हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था की विफलता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा नियमों का पालन कराया गया होता और बचाव उपकरण उपलब्ध होते तो कई बच्चों की जान बचाई जा सकती थी।

Published: undefined

उन्होंने सवाल उठाया कि राहत कार्य के दौरान दीवारें तोड़ने के लिए आधुनिक उपकरणों के बजाय हथौड़ों का इस्तेमाल क्यों किया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में इससे पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन उनसे कोई सबक नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता जवाबदेही तय करने के बजाय घटनाओं को दबाने की रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने बच्चे को खोने से बड़ा दुख नहीं हो सकता और इस पीड़ा को केवल वही परिवार समझ सकता है जिसने अपना लाल खोया हो।

उन्होंने सरकार से मृतक बच्चों के परिजनों को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

Published: undefined

इस दौरान अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मामले में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज न होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की जांच पारदर्शी तरीके से नहीं हो रही है और सरकार को इस विषय पर स्पष्ट स्थिति रखनी चाहिए।

सपा प्रमुख ने कहा कि देश और प्रदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं ने राम मंदिर निर्माण और पूजा-अर्चना के लिए उदारतापूर्वक दान दिया है। ऐसे में यदि चढ़ावे और दान राशि को लेकर किसी प्रकार की अनियमितता की आशंका है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

Published: undefined

अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव से जुड़े कथित भूमि विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि वहां सत्ताधारी दल के भीतर ही मतभेद और टकराव की स्थिति दिखाई दे रही है, जिसके कारण इस तरह की खबरें सामने आ रही हैं। वहीं, भाजपा द्वारा अन्य दलों के सांसदों को अपने साथ जोड़ने की कोशिशों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक विस्तार के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आदिवासी समाज के अधिकारों की पक्षधर है और प्रदेश में सरकार बनने पर जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों को सुनिश्चित किया जाएगा।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined