
वाईएसआर कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर आज बंद का ऐलान किया है। सुबह से ही वाईएसआर कांग्रेस के कार्यकर्ता अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। विजयवाड़ा में पंडित नेहरू बस स्टेशन पर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने विशेष राज्य के दर्जे की मांग को लेकर टीडीपी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर दिए।
वाईएसआर के कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमें हिरासत में लिया जाना इस बात को दिखाता है कि सीएम राज्य के विशेष दर्जे के लिए कैसे काम कर रहे हैं। वहीं कई कार्यकर्ता सीएम आवास के बाहर भी प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पहले संसद परिसर में आज महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने टीडीपी के सांसदों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने आंध्र प्रदेश के लिए विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग।
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के चीफ जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को ही बंद का ऐलान किया था। जगन मोहन रेड्डी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि मोदी सरकार ने आंध्र प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि आंध्र को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए किसी भी दल का समर्थन करने के लिए वह तैयार हैं। साथ ही उन्होंने बीजेपी पर राज्य के साथ नाइंसाफी करने का भी आरोप लगाया।
इसके बाद आंध्र की कई पार्टी और संगठनों जैसे रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया, वेल्फेयर पार्टी ऑफ इंडिया, सीमांध्रा बीसी कल्याण संघ, मुस्लिम जगजागृति समिति ने इस बंद को समर्थन दिया था।
आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग लगाता उठ रही है। एनडीए से टीडीपी वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए अलग हुई थी। शुक्रवार को अविश्वास प्रस्ताव के दौरान भी लोकसभा में आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की बात कही गई थी। जिसपर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवाब दिया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए