हालात

‘क्या दिल्ली में पूर्वोत्तर के लोग सुरक्षित हैं?’ मणिपुर के संगीतकार की हत्या पर राहुल गांधी का अमित शाह से सवाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूछा कि पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ बढ़ती ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस क्या कदम उठा रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

दिल्ली में मणिपुर के मशहूर म्यूजिशियन चोंगथम विक्रम सिंह की हत्या के मामले ने राजधानी की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना पर चिंता जताते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है।

राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि विक्रम सिंह अपने घर के बाहर तेज आवाज में हो रहे शोर को लेकर कुछ लोगों को समझाने नीचे गए थे। इसी दौरान विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उनकी जान चली गई।

राहुल गांधी ने क्या कहा ?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि एक पिता की उसके अपने घर के बाहर और देश की राजधानी में हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के बाद दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर के परिवारों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

उन्होंने सवाल किया कि पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ बढ़ती ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस क्या कदम उठा रहे हैं। राहुल गांधी ने मामले की तत्काल जांच की मांग करते हुए कहा कि वारदात में शामिल लोगों को कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने विक्रम सिंह के परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।

रविवार रात क्या हुआ था?

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे की है। विक्रम सिंह अपने घर की तीसरी मंजिल से कूड़ा फेंकने के लिए नीचे आए थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि युवक वहां शोर कर रहे थे। विक्रम सिंह ने उन्हें शोर कम करने के लिए कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद विक्रम सिंह वापस अपने घर चले गए। आरोप है कि युवक उनका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गए और वहां उनके साथ मारपीट की। आवाज सुनकर विक्रम सिंह का बेटा मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे।

इसके बाद बेटे ने घायल विक्रम सिंह को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए