
असम में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए ने एक बार फिर हिमंता बिस्वा सरमा पर भरोसा जताया है। भाजपा विधायक दल और एनडीए विधायक दल की बैठक में हिमंता बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। इसके साथ ही उनका दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।
असम के गुवाहाटी में असम विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, “यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में बीजेपी सरकार द्वारा लागू की गई नीतियों का प्रमाण है। सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से हिमंत बिस्वा सरमा को विधानसभा में एनडीए विधायक दल का नेता चुना है। 102 विधायकों के समर्थन के साथ हम राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपने आए हैं। हमें उम्मीद है कि राज्यपाल जल्द ही हिमंत बिस्वा सरमा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य केंद्रीय मंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक नई राजनीतिक संस्कृति सामने आई है। प्रो-एक्टिव सरकार, जवाबदेह सरकार, जनता के प्रति संवेदनशील सरकार और रिपोर्ट कार्ड आधारित सरकार।”
Published: undefined
जानकारी के मुताबिक हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने मीडिया से कहा कि समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उन्होंने बताया कि यह ऐतिहासिक पल होगा, क्योंकि मुख्यमंत्री के साथ 102 विधायक भी शपथ लेंगे और यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में होगा।
नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व की ओर से खास जिम्मेदारी सौंपी थी। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक बनाया था, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। दोनों नेताओं ने असम में विधायक दल की बैठक और सरकार गठन की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाई।
हिमंता बिस्वा सरमा के व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो उनका जन्म 1 फरवरी 1969 को गुवाहाटी, असम में हुआ था। उन्होंने गौहाटी विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में एमए और पीएचडी की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई भी की है। उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा एक उद्यमी हैं। उनके परिवार में एक बेटा नंदील और एक बेटी सुकन्या हैं।
असम की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले हिमंता बिस्वा सरमा के दोबारा मुख्यमंत्री बनने से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined