हालात

देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू को बदनाम करने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगीः जयराम रमेश

जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि नेहरू के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार किया जा रहा है और उनके ऐतिहासिक योगदान को मिटाने के सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से तर्क और तथ्यों के आधार पर इस दुष्प्रचार का मुकाबला करने का आग्रह किया।

देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू को बदनाम करने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगीः जयराम रमेश
देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू को बदनाम करने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगीः जयराम रमेश फोटोः सोशल मीडिया

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि बीजेपी-आरएसएस जवाहरलाल नेहरू की विरासत को बदनाम करने और उनकी छवि धूमिल करने के लिए ‘व्यवस्थित रणनीति’ के तहत काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल का यह प्रयास सफल नहीं होगा, क्योंकि नेहरू की विचारधारा भारत की अवधारणा का अभिन्न हिस्सा है।

जयराम रमेश ने शनिवार को नेहरू स्मृति युवा महोत्सव-2026 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि नेहरू सिर्फ एक महान प्रधानमंत्री ही नहीं थे, बल्कि संवेदनशील, शालीन और अच्छे इंसान भी थे और राजनीति में ऐसे व्यक्ति मिलना बेहद मुश्किल है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार किया जा रहा है और उनके ऐतिहासिक योगदान को मिटाने के सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से तर्क और तथ्यों के आधार पर इस दुष्प्रचार का मुकाबला करने का आग्रह किया।

‘नेहरू आर्काइव’ का उल्लेख करते हुए कांग्रेस महासचिव ने ऐतिहासिक दस्तावेजों के अध्ययन और उन्हें उस दौर की परिस्थितियों एवं ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के संदर्भ में समझने की आवश्यकता पर जोर दिया। रमेश ने युवा शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों से इतिहास लेखन के महत्वपूर्ण पहलुओं, ऐतिहासिक स्रोतों की प्रामाणिकता, संदर्भों की समझ और तथ्यों पर आधारित विश्लेषण पर ध्यान केंद्रित करने का भी आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी ने अपनी मृत्यु से महज 19 दिन पहले नेहरू को पत्र लिखकर कहा था, ‘‘जुग जुग जियो और हिंद के जवाहर बने रहो।’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वह पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि नेहरू के बिना संविधान सभा का गठन नहीं हो पाता और न ही संविधान बन पाता। रमेश के अनुसार, डॉ. बी.आर. आंबेडकर ने भी इस बात को स्वीकार किया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए