
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पत्नी और दो पंडितों की गोली मारकर हत्या करने के बाद अपने तीन बच्चों को बंधक बनाने वाले आरोपी अरविंद सिंह की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार (22 सितंबर) की देर रात आरोपी ने पुलिस से बचने की कोशिश की और फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
इस घटना में आरोपी के बेटे को भी गोली लगी थी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। अरविंद सिंह अपने घर पहुंचा तो उसकी पत्नी बबीता सिंह पूजा-पाठ कर रही थीं। उस समय घर में पूजा कराने के लिए दो पंडित, 60 वर्षीय महेंद्र पाठक और 50 वर्षीय अखिलेश मिश्रा भी मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, पंडितों को घर में देखकर अरविंद नाराज हो गया। उसका पत्नी के साथ विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में अरविंद ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी बबीता सिंह को गोली मार दी। इसके बाद उसने दोनों पंडितों पर भी फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीनों की मौत हो गई।
वारदात के बाद अरविंद अपने तीनों बच्चों को लेकर एक कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस ने उसे बाहर आने और बच्चों को छोड़ने के लिए काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। एडीजी नवीन अरोड़ा के मुताबिक, पुलिस ने करीब सात घंटे तक आरोपी से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। हालात को देखते हुए रातभर पुलिस की टीम मौके पर तैनात रही और सुबह तक इंतजार करने की रणनीति बनाई गई।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान कमरे के अंदर से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। कमरे में तीन बच्चों के मौजूद होने के कारण पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने स्टन ग्रेनेड और टियर गैस ग्रेनेड का इस्तेमाल किया और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने टीम पर भी लगातार 4-5 गोलियां चलाईं।
बताया गया कि आरोपी के पास छह राउंड वाली रिवॉल्वर थी और उसने सभी राउंड फायर कर दिए। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई में अरविंद सिंह घायल हो गया। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए