
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए प्रचार सोमवार शाम 6 बजे थम गया। इसी के साथ इन सीटों पर 48 घंटे का साइलेंस पीरियड शुरू हो गया है। प्रचारमें मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), घुसपैठ, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी सहित अन्य मुद्दों को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी दल बीजेपी ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाए और मतदाताओं से कई लुभावने वादे किए। बंगाल में पहले चरण के चुनाव में रिकॉर्ड 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
दूसरे चरण में राज्य के 142 विधानसभा क्षेत्रों में 29 अप्रैल को मतदान होगा, जिसमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाओं और 792 तृतीय-लिंग के मतदाताओं समेत कुल 3,21,73,837 मतदाता मतदान के पात्र हैं। दूसरे चरण के चुनाव के लिए 41,001 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों की गतिविधियों का वेबकास्टिंग के माध्यम से प्रसारण किया जाएगा।
Published: undefined
निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के चुनाव के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का दावा किया है और सात जिलों में केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियों को तैनात किया है। कुल 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए कैमरों से लैस ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा। कोलकाता में केंद्रीय बलों की 273 कंपनियों के साथ सबसे अधिक तैनाती है।
दूसरे चरण में कुल 142 विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग होगी, जिसमें नदिया, पूर्व बर्धमान, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और कोलकाता के क्षेत्र शामिल हैं। यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराया जाएगा। इन 142 सीटों पर कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं। आयोग की पहल के तहत इस बार ईवीएम और और बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें, उनका क्रमांक, नाम और चुनाव चिन्ह बड़े अक्षरों में दिए गए हैं, ताकि मतदाताओं को आसानी हो।
Published: undefined
दूसरे चरण के चुनाव में जिन विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाने हैं, उनमें भांगर में सबसे ज्यादा 19 उम्मीदवार, जबकि गोघाट में सबसे कम पांच प्रत्याशी हैं। इस चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होना है, उनमें ममता भी शामिल हैं। ममता भवानीपुर से एक बार फिर चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट पर उन्हें बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी से कड़ी चुनौती मिल रही है।
वहीं कोलकाता पोर्ट में वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस नेता फिरहाद हकीम का मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार राकेश सिंह से है। अल्पसंख्यक बहुल इस निर्वाचन क्षेत्र को मध्य कोलकाता में सत्तारूढ़ पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अन्य महत्वपूर्ण सीटों में भाटपारा, जगतदल और बैरकपुर, बनगांव, दमदम, संदेशखाली, हिंगलगंज, राणाघाट उत्तर, राणाघाट दक्षिण, रासबिहारी, यादवपुर और बेलीगंज शामिल हैं।
Published: undefined
धुआंधार प्रचार अभियान के दौरान बीजेपी नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस पर पश्चिम बंगाल को घुसपैठियों का अड्डा बनाने का आरोप लगाया। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि बीजेपी विभाजनकारी राजनीति में लिप्त है और वह मछली एवं अंडे के सेवन को हतोत्साहित कर रही है।
प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर 24 परगना जिले के जगतदल में अपनी आखिरी रैली की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि वह अगले महीने फिर आएंगे, जहां वे पश्चिम बंगाल के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के बाहरी इलाके दक्षिण 24 परगना के बेहाला में एक रोड शो में हिस्सा लिया। उन्होंने दावा किया कि 4 मई को मतगणना के बाद किसी भी संभावित हिंसा को रोकने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल काफी समय तक राज्य में तैनात रहेंगे।
बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और दर्जनों केंद्रीय मंत्रियों ने चुनाव प्रचार के दौरान कानून-व्यवस्था में कथित गिरावट, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, राजनीतिक हिंसा, घुसपैठ और भ्रष्टाचार को लेकर तृणमूल को घेरा।
Published: undefined
अमित शाह ने विभिन्न रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर बीजेपी बंगाल में सत्ता में आती है, तो वह मवेशियों की तस्करी को रोकने और कथित “गुंडा राज” एवं “सिंडिकेट राज” को खत्म करने के लिए एक विशेष दस्ता गठित करेगी। एक रैली में शाह ने ममता पर तस्करों की मदद करने का आरोप लगाते हुए कहा, “पांच मई के बाद हम मवेशियों की तस्करी रोकने, मवेशियों की रक्षा करने और मवेशी माफिया को खत्म करने के लिए एक विशेष दस्ता गठित करेंगे।”
जवाब में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी अपने चुनावी वादों को पूरा करने में नाकाम रही है, जिनमें “हर व्यक्ति के बैंक खाते में 15 लाख रुपये डालना और हर साल दो करोड़ नौकरियां सृजित करना” शामिल है।
Published: undefined
वहीं ममता बनर्जी ने आज प्रचार समाप्त होने से कुछ घंटे पहले दक्षिण कोलकाता में छह किलोमीटर से अधिक लंबा रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख के साथ पार्टी की राज्यसभा सदस्य सागरिका घोष और टॉलीगंज और रासबिहारी से उम्मीदवार क्रमशः अरूप बिस्वास और देबाशीष कुमार भी थे। यादवपुर क्षेत्र के सुकांत सेतु से शुरू हुआ यह रोड शो, उनके कालीघाट स्थित आवास के पास से गुजरते हुए गोपालनगर चौराहे पर समाप्त हुआ।ममता भवानीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं, जहां उनका मुकाबला बीजेपी के उनके कट्टर प्रतिद्वंद्वी शुभेंदु अधिकारी से है, जिन्होंने 2021 के चुनावों में नंदीग्राम में उन्हें हराया था। इसके बाद बनर्जी भवानीपुर से उपचुनाव में निर्वाचित हुईं।
इससे पहले ममता ने 23 अप्रैल को पहले चरण के मतदान के बाद एक चुनावी रैली में दावा किया कि उनकी पार्टी ने अभी से 100 का आंकड़ा पार कर लिया है और राज्य में उसकी सत्ता बरकरार रहेगी। तृणमूल सुप्रीमो ने भवानीपुर में आयोजित एक रैली में कहा, “पहले चरण में 152 सीट पर मतदान हुआ। हम पहले चरण में ही 100 सीट का आंकड़ा पार कर चुके हैं।” ममता ने चुनाव के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं को “उल्टा लटकाए जाने” की अमित शाह की टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा। ममता ने निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उन्हें ज्यादतियों के खिलाफ चेतावनी दी।
Published: undefined
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी राज्य में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी 25 साल के अंतराल के बाद बहरामपुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि टीएमसी के गुंडे विरोधी आवाजों को डरा-धमका रहे हैं और उनकी हत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग अब बीजेपी और टीएमसी दोनों को राज्य से हटाने का मन बना चुके हैं।
सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चा और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट ने तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी दोनों पर निशाना साधा, लेकिन उनके हमले ज्यादा तृणमूल कांग्रेस पर केंद्रित रहे। इन दलों ने आरोप लगाया कि तृणमूल और बीजेपी के बीच अंदरूनी मिलीभगत है। कांग्रेस के निशाने पर मुख्य रूप से बीजेपी रही। हालांकि पिछले हफ्ते अपनी आखिरी रैली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
Published: undefined
हालांकि चुनाव प्रचार के आखिरी दिन दक्षिण पश्चिम बंगाल में हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में तृणमूल कांग्रेस की एक सांसद पर हमला किया गया और सीआईएसएफ के एक जवान को गोली मार दी गई। हुगली जिले में, आरामबाग की सांसद मिताली बाग की गाड़ी पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने उस समय हमला किया जब वे पार्टी नेता अभिषेक बनर्जी की रैली में शामिल होने जा रही थीं। उन्हें इलाज के लिए आरामबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाग ने दावा किया कि बीजेपी कार्यालय के पास उन पर हमला हुआ और उनकी गाड़ी का शीशा टूटने से उन्हें चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला और दलित जन प्रतिनिधि होने के बावजूद, उन्हें “फासीवादी बीजेपी द्वारा संरक्षित गुंडों” ने निशाना बनाया।
एक अन्य घटना में, रविवार देर रात उत्तरी 24 परगना जिले के भाटपारा इलाके में बीजेपी उम्मीदवार पवन सिंह के आवास के बाहर हुई गोलीबारी में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का एक जवान घायल हो गया। घायल जवान की पहचान योगेश शर्मा के रूप में हुई है, जिन्हें पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। निर्वाचन आयोग ने घटना पर रिपोर्ट मांगी है। पुलिस ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में तृणमूल पार्षद समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा जिले के हाबरा निर्वाचन क्षेत्र में, एक मतदान केंद्र के रूप में नामित स्कूल परिसर से आठ देसी बम बरामद किए गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि हाबरा दक्षिण निमना बुनियादी प्राथमिक विद्यालय में सुरक्षा जांच के दौरान विस्फोटक सामग्री का पता चला और बाद में उसे निष्क्रिय कर दिया गया। जहां एक ओर तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी पर मतदान में बाधा डालने के लिए बम रखने का आरोप लगाया, वहीं बीजेपी ने सत्तारूढ़ दल पर मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया। चुनाव आयोग ने इस घटना पर भी रिपोर्ट मांगी है। अब सबकी नजरें सात जिलों की कुल 142 सीटों पर बुधवार को होने वाले दूसरे चरण के मतदान पर हैं।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined