हालात

बंगाल चुनाव: ममता ने TMC के मतगणना एजेंटों के साथ की बैठक, सतर्क रहने और अंत तक डटे रहने को कहा

अभिषेक बनर्जी ने पार्टी एजेंटों को 2021 में नंदीग्राम मतगणना केंद्र पर अचानक बिजली गुल होने की घटना याद दिलाते हुए कहा कि वे मतगणना केंद्रों के भीतर किसी भी असामान्य गतिविधि की तुरंत पार्टी नेतृत्व को सूचना दें।

बंगाल चुनाव: ममता ने TMC के मतगणना एजेंटों के साथ की बैठक, सतर्क रहने और अंत तक डटे रहने को कहा
बंगाल चुनाव: ममता ने TMC के मतगणना एजेंटों के साथ की बैठक, सतर्क रहने और अंत तक डटे रहने को कहा फोटोः सोशल मीडिया

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के सभी मतगणना एजेंटों के साथ अहम बैठक की और कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी 294 में से 200 से अधिक सीटें जीतेगी और उन्हें निर्देश दिया कि वे मतगणना केंद्रों की स्थिति की नियमित जानकारी पार्टी नेतृत्व को देते रहें और प्रक्रिया पूरी होने तक वहीं मौजूद रहें।

दोनों नेताओं ने 291 विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना एजेंटों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक की। दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र की शेष तीन सीटों पर अनित थापा के नेतृत्व वाली भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) ने चुनाव लड़ा है। राज्य में दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, जबकि मतगणना चार मई को होनी है।

Published: undefined

बैठक में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “तृणमूल कम से कम 200 से अधिक सीटें जीतेगी।” उन्होंने मतगणना एजेंटों से कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और उसके सहयोगियों द्वारा सीटों को लेकर चलाए जा रहे “दुष्प्रचार” पर ध्यान न दें। बनर्जी ने कहा कि मतदान या चुनाव प्रचार के दौरान कथित रूप से केंद्रीय बलों द्वारा प्रताड़ित किए गए तृणमूल एजेंटों के साथ पार्टी खड़ी रहेगी।

तृणमूल के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, ममता बनर्जी ने कहा, “टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर दिखाए जा रहे एग्जिट पोल पर ध्यान न दें। ऐसे एग्जिट पोल का कोई मूल्य नहीं होता।” मुख्यमंत्री ने कहा कि 2021 और 2024 के एग्जिट पोल भी वास्तविक परिणामों से काफी अलग रहे थे और अधिकांश ऐसे सर्वे शेयर बाजार को प्रभावित करने के उद्देश्य से किए जाते हैं।

Published: undefined

ममता बनर्जी ने कहा कि यदि किसी सीट पर तृणमूल उम्मीदवार 200-300 मतों के अंतर से हारता है तो मतगणना एजेंट पुनर्गणना की मांग अवश्य करें। उन्होंने निर्देश दिया, “कोई भी एजेंट मतगणना प्रक्रिया पूरी होने से पहले केंद्र नहीं छोड़े, मतगणना केंद्र में सक्रिय रहें और प्रक्रिया पूरी होने तक वहीं मौजूद रहें। ”

अभिषेक बनर्जी ने भी मतगणना एजेंटों से बातचीत करते हुए कहा कि कम अंतर से हार की स्थिति में विशेष रूप से डाक मतपत्रों के मामले में पुनर्गणना पर बल दिया जाए। अभिषेक ने एजेंटों को 2021 में नंदीग्राम मतगणना केंद्र पर अचानक बिजली गुल होने की घटना याद दिलाते हुए कहा, “वे (एजेंट) मतगणना केंद्रों के भीतर किसी भी असामान्य गतिविधि की तुरंत पार्टी नेतृत्व को सूचना दें।”

Published: undefined

तृणमूल के सभी मतगणना कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। इसके अलावा, सभी उम्मीदवार और पार्टी के महत्वपूर्ण नेता भी बैठक में मौजूद थे। तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, बैठक की शुरुआत में ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं को 'अडिग संघर्ष' के लिए बधाई दी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर केंद्रीय बलों द्वारा किए गए 'अत्याचारों' का भी जिक्र किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी केंद्रीय बलों के 'अत्याचारों' को सहने वालों को पुरस्कृत करेगी।

तृणमूल सूत्रों के अनुसार, ममता और अभिषेक ने मतगणना एजेंटों को मतगणना के संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्हें मतगणना केंद्र की हर गतिविधि की जानकारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को देने को कहा गया है। यदि किसी भी केंद्र में बीजेपी बहुत कम अंतर से आगे है, तो उन्हें पुनर्गणना का अनुरोध करने को कहा गया है। मतगणना के दिन सोमवार को एजेंटों को सुबह जल्दी मतगणना केंद्र पहुंचने को कहा गया है।

Published: undefined

उन्हें यह भी निर्देश दिया गया है कि मतगणना पूरी होने तक वे बाहर न निकलें। तृणमूल के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें समूहों में मतगणना केंद्र जाने का निर्देश दिया है। विजयी उम्मीदवार का प्रमाण पत्र मिलने के बाद एजेंटों को समूहों में निकलना चाहिए। तृणमूल ने मतगणना प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की है।

तृणमूल सूत्रों के अनुसार अभिषेक ने बैठक में चुनाव आयोग को भी निशाना बनाया। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल को स्थानीय स्तर पर केंद्रीय बलों से लड़ना पड़ा है। अभिषेक ने दावा किया कि बीजेपी हर तरह की ताकत का इस्तेमाल करने के बाद भी हार जाएगी। चेतावनी भरे लहजे में उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस आयोग द्वारा नियुक्त उन सभी पर्यवेक्षकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी जिन्होंने 'असंवैधानिक' कार्य किए हैं।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined