
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। तारापीठ मंदिर नगरी के एक चार मंजिला होटल में सुबह करीब पांच बजे आग लग गई। हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के वक्त होटल में ठहरे ज्यादातर लोग सो रहे थे।
आग होटल के ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरुआत में अस्पताल ने हादसे में पांच लोगों की मौत की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़कर सात होने की पुष्टि की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है।
होटल प्रबंधन ने दावा किया है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे से बचकर निकली कोलकाता की एक महिला ने होटल के अंदर के भयावह हालात का जिक्र किया। उसने बताया कि अचानक पूरा होटल धुएं से भर गया था। सांस लेना मुश्किल हो गया और बाहर निकलने का रास्ता तलाशना भी बेहद चुनौतीपूर्ण था।
अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में कुछ श्रद्धालु भी शामिल हैं, जो तारापीठ के प्रसिद्ध काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचे थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए