
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तमिलनाडु में एक पटाखा कारखाने में हुई दुर्घटना में जानमाल की हानि पर रविवार को दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।
पुलिस ने रविवार को कहा कि विरुधुनगर के पास एक निजी पटाखा कारखाने में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 18 लोग जलकर मर गए और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में कहा, “तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा कारखाने में हुए हादसे में हुई जानमाल की हानि अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।”
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
झारखंड के बोकारो जिले में रविवार को ‘लेवल क्रॉसिंग’ पर मालगाड़ी का एक डिब्बा कार से टकराने के बाद पटरी से उतर गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना बोकारो थर्मल पुलिस थाना (बीटीपीएस) अंतर्गत ओवरब्रिज के पास हुई, जब मालगाड़ी दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) ऊर्जा संयंत्र से निकल रही थी।
बीटीपीएस के प्रभारी अधिकारी पिंकू कुमार ने बताया कि मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया और इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मामले में जांच की जा रही है।
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
तमिलनाडु: विरुधुनगर के पास कट्टानारपट्टी में एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ। 16 लोगों की मौत हो गई और 6 घायल हुए हैं।
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "कल परिसीमन बिल की हार हुई। परिसीमन बिल SC, ST, चुनावी राज्यों के खिलाफ है इसलिए सभी पार्टियों ने मिलकर इसे हराने का काम किया लेकिन प्रधानमंत्री मोदी कह रहे हैं कि महिला आरक्षण बिल की हार हुई है। महिला आरक्षण बिल अलग है और नया परिसीमन बिल अलग है। हमने सर्वसम्मति से महिला आरक्षण बिल को 2023 में पारित किया था... उन्होंने 30 महीने तक उसे ठंडे बस्ते में क्यों रखा? 2023 में जो बिल पास हुआ था वह अब तक नोटिफाई नहीं किया गया था, सिर्फ़ 16 तारीख़ को वह नोटिफाई किया गया... प्रधानमंत्री मोदी के बयान की मैं भर्त्सना करता हूं। हम महिला आरक्षण के साथ हैं... 2010 से पहले हम यह बिल लाए थे, लेकिन तब वह पास नहीं हो सका... 2023 में हमने समर्थन किया और यह पास हुआ तो उन्होंने उसे लागू क्यों नहीं किया?... बीजेपी कभी भी महिलाओं का सम्मान नहीं करती... और वे आज बात कर रहे हैं कि कांग्रेस महिला विरोधी है... इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी, सरोजिनी नायडू जैसी सशक्त महिलाओं ने हमारी पार्टी का नेतृत्व किया है... इसलिए इनके झूठे बयानों में किसी को नहीं आना चाहिए, मैं इसकी निंदा करता हूं।"
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संसद में नारी शक्ति संशोधन विधेयक पारित न होने के मामले को लेकर रविवार को सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार किया और कहा कि जब तक जनगणना पूरी नहीं हो जाती तब तक महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा नहीं की जा सकती।
यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यादव ने कहा, ‘‘ सरकार के इरादों की हार और परिसीमन विधेयक को पास कराने में नाकामी का मतलब है कि सरकार लोगों की इच्छा का प्रतिनिधित्व नहीं करती और इसलिए उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। असल मायने में विपक्ष ही लोगों की इच्छा का प्रतिनिधित्व करता है।"
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को दावा किया कि यह ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’’ है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक पर ‘‘देश को गुमराह’’ करने का विकल्प चुना।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ‘‘महिलाओं को ढाल के रूप में इस्तेमाल करके’’ परिसीमन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की साजिश रच रही है।
बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री ने ईमानदारी से इस मुद्दे को सुलझाने के बजाय देश को गुमराह करने का विकल्प चुना।’’
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
इटली में बर्गामो प्रांत के कोवो में दो भारतीयों की उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई जब वे एक गुरुद्वारे से बाहर निकल रहे थे। स्थानीय मीडिया ने रविवार को यह खबर दी।
यह गुरुद्वारा एक गोदाम में था जिसका इस्तेमाल पूजा स्थल के रूप में किया जा रहा था।
‘ला सिसिलिया’ अखबार के अनुसार, यह हमला शुक्रवार को मध्य रात्रि से कुछ देर पहले शहर के औद्योगिक क्षेत्र में गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के सामने स्थित चौक में हुआ।
मृतकों की पहचान कोवो निवासी 48 वर्षीय रागिंदर सिंह और एग्नाडेलो निवासी 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है।
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
बलिया जिले की एक विशेष अदालत ने एक नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर अगवा करने के ढाई साल पुराने मामले में आरोपी युवक को दोषी ठहराते हुए 25 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह मामला भीमपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां 23 नवंबर 2023 को तड़के गांव के ही रहने वाले बंटी चौहान ने 15 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर अगवा कर लिया था। घटना के बाद किशोरी की मां ने थाने में तहरीर दी।
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
विपक्ष ने कहा है कि पीएम मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में पद की गरिमा का ख्याल नहीं रखा। आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, "प्रधानमंत्री के दो राज्यों में चुनाव हो रहे हैं। उन्होंने जिस तरह का संदेश दिया वो महिला आरक्षण पर कम और राजनीतिक पार्टियों को कोसना, नीचा दिखाना ज्यादा था। ये पद की गरिमा के अनुरूप बिल्कुल नहीं था।"
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
ईरान संकट के बीच इजरायल और अमेरिका के बीच गरमागरमी देखने को मिली। बीते दिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान पर हमले रोकने को लेकर बड़ा बयान दिया, जिससे इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भड़क गए। इसके बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति का नया बयान सामने आया, जिसमें वह इजरायल को यूएस का महान सहयोगी बता रहे हैं।
ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, "चाहे लोग इजरायल को पसंद करें या नहीं, उन्होंने खुद को अमेरिका का एक महान सहयोगी साबित किया है। वे हिम्मत वाले, बोल्ड, लॉयल और स्मार्ट हैं और दूसरों के उलट जिन्होंने लड़ाई और तनाव के समय अपना असली रंग दिखाया है, इजरायल कड़ी मेहनत करता है और जीतना जानता है।"
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र में एक ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी में शनिवार रात हुई।
मड़िहान थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मंजरी राव ने पत्रकारों को बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार वीरेंद्र कुमार (35), विजय कुमार (38) और राजेश (41) मिर्जापुर से मड़िहान की तरफ जा रहे थे तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
हिजबुल्लाह के नेता नईम कासिम ने कहा कि इजरायल के साथ संघर्ष-विराम का मतलब पूरी तरह से हमले बंद होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इजरायल दक्षिणी लेबनान में किसी तरह का उल्लंघन करता है, तो उसका जवाब दिया जाएगा।
कासिम ने अपने बयान में कहा कि एकतरफा संघर्षविराम नहीं हो सकता। उन्होंने साफ किया कि अगर आक्रामक कार्रवाई जारी रहती है, तो हिजबुल्लाह के लड़ाके उसी हिसाब से जवाब देंगे।
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 19 Apr 2026, 7:56 AM IST