
बिहार चुनाव तीसरे दौर की वोटिंग के साथ ही पूरा हो गया। इसके साथ ही कई एजेंसियों ने एग्जिट पोल के नतीजे सामने रखे हैं। इन्हें मिलाकर देखें तो बिहार में महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है और उसे 180 तक सीटें मिलने की संभावना है। सर्वे के मुतााबिक न्यूज 18-टुडेज़ चाणक्य ने महागठबंधन को 180 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है, वहीं एनडीए के हिस्से में 55 सीटें जाने की संभावना है।
इंडिया टुडे के लिए एक्सिस माइ इंडिया के सर्वे में महागठबंधन को 139 से 161 सीटें तक मिलने की संभावना जताई गई है, वहीं एनडीए का आंकड़ा 69 से 91 तक जा सकता है। इसके अलावा एबीपी न्यूज-सी वोटर के सर्वे के मुताबिक महागठबंधन के खाते मेें 108 से 131 सीटों की संभावना है, वहीं एनडीए को 104 से 128 तक सीटें मिल सकती हैं।
रिपब्लिक- जन की बात के सर्वे में महागठबंधन के लिए 118 से 138 सीटों का अनुमान लगाया गया है जबकि एनडीए के खाते में 91 से 117 सीटें जाती दिखाई गई हैं। इसके अलावा टाइम्स नाउ- सी वोटर ने महागठबंधन के खाते में 120 और एनडीए के खाते में 116 सीटें जाने का अनुमान लगाया गया है।
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और आखिरी चरण के मतदान के साथ सभी 243 विधानसभा सीटों में चुनाव संपन्न हो गया। इस चरण में 15 जिलों के 78 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीसरे चरण में करीब 58 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के 4 सीटों पर शाम 4 बजे मतदान खत्म हो गया. इनमें पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकि नगर और रामनगर के अलावा सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर और महिषी विधान सभा सीट पर 4 बजे मतदान संपन्न हो गया।
मधुबनी जिला के बेनीपट्टी विधान सभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी नीरज कुमार झा की आज कोविड-19 से मौत हो गई। नीरज झा ने एम्स, पटना में अंतिम सांस ली। वे पिछले एक सप्ताह से एम्स, पटना में भर्ती थे।
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में दोपहर 1 बजे तक 22.74% मतदान हुए।
बिहार विधानसभा चुनाव के मतदान के आखिरी चरण में पुर्णिया में हवाई फायरिंग होने की खबर मिल रही है। जिले के धमदाहा में 282 नंबर पोलिंग बूथ पर अर्द्धसैनिक बल ने असमाजिक तत्वों पर फायरिंग की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एच श्रीनिवासन ने फायरिंग की पुष्टि की है।
बिहार में तीसरे चरण में सुबह 11 बजे तक कुल 19.62फीसदी वोटिंग। पश्चिमी चंपारण में 19.14 फीसदी, पूर्वी चंपारण में 20.16 फीसदी, सीतामढ़ी में 18 फीसदी, मधुबनी में 20.20 फीसदी, सुपौल में 21.06 फीसदी, अररिया में 24.87 फीसदी, किशनगंज में 19.63 फीसदी, पुर्णिया में 20.51 फीसदी, कटिहार में 17.77 फीसदी, मधेपुरा में 23.40 फीसदी, सहरसा में 20.81 फीसदी, दरभंगा में 13.23 फीसदी, मुजफ्फरपुर में 19.82 फीसदी, वैशाली में 21.99 फीसदी और समस्तीपुर में 17.51 फीसदी मतदान।
पूर्व MP आनंद मोहन की पत्नी, सहरसा से RJD उम्मीदवार लवली आनंद ने बूथ नंबर 209 में मतदान किया। उन्होंने कहा, "शासन और प्रशासन मतदान को डिस्टर्ब कर रहे हैं। जहां 7बजे से मतदान होना था वहां 9बजे शुरू किया गया। मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है। हम चुनाव आयोग को फैक्स करेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में आज सुबह 11 बजे तक 19.62% मतदान हुए।
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में 15 जिलों के 78 विधानसभा क्षेत्रों मे वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच, मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड के एक मतदान केंद्र में पीठासीन पदाधिकारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मुजफ्फरपुर जिला के एक अधिकारी ने बताया कि चुनाव के दौरान कटरा के मतदान केंद्र संख्या 190 पर तैनात पीठासीन अधिकारी केदार राय की मौत हार्ट अटैक से हो गई। उन्होंने बताया कि वे सिंचाई विभाग में कार्यरत थे। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आज बिहार में अंतिम चरण की वोटिंग है। सभी वोटरों से अपील है कि इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने वोट के माध्यम से लोकतंत्र को मज़बूत करें।
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में आज सुबह 9 बजे तक 7.69% मतदान हुए। आज अंतिम चरण में बिहार विधानसभा की 78 सीटों पर मतदान हो रहा है। पुर्णिया में 7.73 फीसदी, पूर्वी चंपारण में 9.18 फीसदी, सहरसा में 9.26 फीसदी, समस्तीपुर में 7.32 फीसदी, सीतामढ़ी में 7.38 फीसदी, सुपौल में 7.69 फीसदी, वैशाली में 10.28 फीसदी, अररिया में 9.24 फीसदी, दरभंगा में 6.09 फीसदी, कटिहार में 5.36 फीसदी, किशनगंज में 6.83 फीसदी, मधेपुरा में 5.65 फीसदी, मधुबनी में 4.52 फीसदी, मुजफ्फरपुर में 7.25 फीसदी, पश्चिम चंपारण में 7.73 फीसदी वोटिंग।
बिहारः 8 बजे तक कुल 3.9 % वोटिंग। पश्चिमी चंपारण - 2.7%, पूर्वी चंपारण - 2.8%, सीतामढ़ी - 3.1%, समस्तीपुर - 2.9%, दरभंगा - 3.0%, मुजफ्फरपुर - 3.1%, वैशाली - 2.9%, सुपौल - 3.8 %, अररिया - 4.1 %, किशनगंज - 4.5%, पुर्णिया - 3.1%, कटिहार - 3.9%, मधेपुरा - 3.2%, सहरसा - 3.4%, मधुबनी- 2.8%
लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव ने मधेपुरा के पोलिंग बूथ पर डाला वोट। बिहारीगंज विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार हैं सुभाषिनी
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार विधान सभा के लिए, विधानसभा के तीसरे और अंतिम चरण के मतदाताओं को अपना अधिक से अधिक वोट बिहार के विकास में देना चाहिए। पहले मतदान फिर कोई काम।
सीतामढ़ी के रीगा में एक मतदान केंद्र के बाहर लोग कतार में खड़े हैं क्योंकि बूथ पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) अभी काम नहीं कर रही है।
कटिहार के एक पोलिंग बूथ पर राज्यसभा सांसद अशफाक करीम ने डाला वोट। लोगों से की वोट डालने की अपील।
खबरों के मुताबिक, मधेपुरा के बिहारीगंज विधानसभा सीट पर एक पोलिंग बूथ पर ईवीएम खराब होने की खबर आ रही है।
मुजफ्फरपुर के पोलिंग स्टेशन पर वोट देते लोग। एक वोटर ने कहा- मैं चाहती हूं कि जो भी हमारा नेता हो, वो देश की बेहतरी के लिए काम करे
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान शुरू हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लोगों से लोकतंत्र के इस पावन पर्व में भागीदार बनने की अपील की है. पीएम मोदी ने ट्वीट कर लोगों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील करते हुए वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाने की अपील
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरू हो गए हैं। सहरसा में मतदान के लिए लोग खड़े हैं
बिहार के मुख्य चुनाव अधिकारी एच. आर श्रीनिवास के मुताबिक वाल्मीकि नगर, रामनगर, सिमरी बख्तियारपुर और महिषी यानी कुल 4 नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान शाम 4 बजे तक ही होगा
एलजेपी अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरह लोग 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' नारे के साथ जुड़ रहे हैं, उससे हमें उम्मीद है कि हम इस चरण में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। एक चीज तो बिल्कुल साफ है कि नीतीश जी मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे।
तीसरे फेज की वोटिंग से पहले तेजस्वी का ट्वीट, 'बिहार में तब्दीली की गंगा, गंडक और कोसी बह रही है। बदलाव उफान पर है। सुनहरे भविष्य, चहुंमुखी विकास, विकसित बिहार, अमन, चैन, क़ायम करने और व्यवस्था परिर्वतन में नए बिहार के निर्माण के लिए आज अपने मतदान का प्रयोग अवश्य करें।
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पोलिंग पार्टियां बूथ पर पहुंच चुकी हैं. मतदान के लिए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं।
तीसरे चरण के तहत 15 जिलों के जिन 78 विधानसभा क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है। इस चरण में कुल 2,35,54,071 मतदाता मतदान करने के लिए पात्र हैं, जिसमें 1,12,06,378 महिला और 894 ट्रांसजेन्डर शामिल हैं। तीसरे चरण के चुनाव के लिए कुल 33,782 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसके लिए इतने ही कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट एवं 45,953 बैलेट यूनिट की व्यवस्था की गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 07 Nov 2020, 6:46 AM IST