
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि कांग्रेस पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ रही है। हमारा गठबंधन सुव्यवस्थित और मजबूत है। बिहार की जनता बदलाव चाहती है। हम पूरी तैयारी के साथ मैदान में हैं।
उन्होंने आरजेडी के उस वादे का भी समर्थन किया, जिसमें सरकार बनने पर बिहार के हर घर में सरकारी नौकरी देने की बात कही गई है। पवन खेड़ा ने कहा, "आरजेडी ने पहले भी सरकारी नौकरियां दी हैं, यह कोई खोखला वादा नहीं, बल्कि एक संकल्प है, जिसे पूरा किया जाएगा।"
हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले पर पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दलित समुदाय से आने वाले इस अधिकारी ने अपने आठ-नौ पन्नों के सुसाइड नोट में भेदभाव का जिक्र किया था।
पवन खेड़ा ने आरोप लगाया, "पिछले 10-11 वर्षों में बीजेपी सरकार ने देश में हर जगह विवाद पैदा करने की कोशिश की है। जहां बातचीत से समाधान निकल सकता है, वहां विवाद पैदा किए गए। यह स्थिति उसी का नतीजा है।"
पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी की नीतियों ने समाज में विभाजन को बढ़ावा दिया है, जिसके परिणामस्वरूप ऐसी दुखद घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक समरसता और समानता के लिए प्रतिबद्ध है और वह हर उस मुद्दे को उठाएगी, जो समाज के कमजोर वर्गों के हितों से जुड़ा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए