
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मौत के मामले में हर दिन नई-नई बातें सामने आ रही हैं। सीबीआई ने इस केस की जांच शुरू कर दी है। इस बीच सुप्रीम कोर्ट में बिहार सरकार द्वारा दायर अहलफनामे से कई बड़ी बातें सामने आई हैं। इससे रिया चक्रवर्ती और उनका परिवार गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है।
बिहार सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर हलफनामे में कहा गया है कि रिया चक्रवर्ती, सुशांत को अपने घर ले गई थी और वहीं रिया ने सुशांत को दवाइयों के ओवरडोज देने शुरू कर दिए थे। यह आरोप असल में सुशांत के पिता के के सिंह ने रिया पर लगाए थे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि रिया, सुशांत से झगड़ा कर उनका सारा सामान ले गई थीं।
हलफनामे में यह भी कहा गया है कि रिया चक्रवर्ती और उसके परिवार के सदस्य सुशांत सिंह राजपूत के संपर्क में आने के पीछे पैसा था। हलफमाने के मुताबिक, पैसे को ‘हड़पने’ के लिए रिया और उनका परिवार सुशांत के संपर्क में आया था। बिहार पुलिस ने यह भी कहा कि बाद में रिया और उनके परिवार ने सुशांत की मानसिक बीमारी की झूठी तस्वीर तैयार कर दी थी।
बिहार पुलिस ने कहा है कि मुंबई पुलिस से किसी किस्कम की मदद नहीं मिलने के बावजूद उन्हें इस केस में कई चीजें मिली हैं, जिसके आधार पर जांच की जा सकती है। बिहार पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट को सलाह दी कि, क्योंकि इस केस से जुड़ी कई बातें देश की अलग-अलग जगहों पर फैली हुई हैं, ऐसे में इस केस को सीबीआई को सौंप देनी चाहिए।
उधर, सीबीआई ने इस केस की जांच शुरू कर दी है। सीबीआई ने 6 लोगों के खिलाफ एफाईआर दर्ज की है। सीबीआई ने सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, इंद्रजीत चक्रवर्ती, संध्या चक्रवर्ती, सैमुअल मिरांडा और श्रुति मोदी को आरोपी बनाया है। आईपीसी की धारा 306, 341, 342, 420, 406 और 506 के तहत सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 07 Aug 2020, 11:59 AM IST