हालात

फिर विवादों में बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूड़ी की एम्बुलेंस, 280 लीटर शराब के साथ बिहार पुलिस ने पकड़ा

कोरोना की दूसरी लहर में जब मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस हजारों रुपये वसूल रहे थे, तब पूर्व सांसद पप्पू यादव ने रूड़ी द्वारा खरीदी गई कई एंबुलेंस को परिसर में छिपा कर रखने का खुलासा किया था। एंबुलेंस से ईंट और बालू ढोने के भी आरोप लगे थे।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

बिहार के सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र से पुलिस ने 280 लीटर देसी शराब लदी एक एंबुलेंस जब्त की है। यह एंबुलेंस सांसद राजीव प्रताप रूड़ी के सांसद मद से खरीदी गई थी और संचालन की जिम्मेदारी एक समिति को दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर श्यामचक मुहल्ले में एंबुलेंस की तलाशी ली गई, जिसमें 280 लीटर देसी शराब बरामद की गई। उन्होंने बताया कि इस मामले में एंबुलेंस चालक डोरीगंज थाना क्षेत्र के चकिया गांव निवासी राकेश राय को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शराब तस्करी में शामिल एंबुलेंस सवार एक तस्कर फरार हो गया।

भगवान बाजार के थाना प्रभारी मुकेश कुमार झा ने बताया कि इस मामले की एक प्राथमिकी भगवान बाजार थाने में दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में चालक राकेश राय, तेलपा गांव निवासी के सुगू राय और सदर प्रखंड के कोटवां पटटी रामपुर के मुखिया जयप्रकाश सिंह को नामजद और एक अन्य अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

इधर, इस घटना के बाद सांसद राजीव प्रताप रूड़ी ने संचालन समिति पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को भी बधाई दी है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस से शराब बरामद होने की सूचना मिली है। उन्होंने संचालन समिति पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि लोगों की सहायता के लिए एंबुलेंस दी गई है न कि शाराब ढोने के लिए।
उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की खरीदारी कर उसके संचालन के लिए सदर प्रखंड के कोटवां पट्टी रामपुर पंचायत के मुखिया जयप्रकाश सिंह को सौंप दी गई थी। वे ही पंचायत स्तरीय संचालन समिति के अध्यक्ष हैं।

गौरतलब है कि बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूड़ी के सांसद मद से खरीदी गई एंबुलेंस इससे पहले भी चर्चा में रही हैं। दरअसल कोरोना की दूसरी लहर के दौरान जब लोग अस्पताल जाने के लिए एंबुलेंस के लिए दर-दर भटक रहे थे और उनसे हजारों रुपये वसूले जा रहे थे, तब पूर्व सांसद पप्पू यादव ने रूड़ी द्वारा खरीदी गईं कई एंबुलेंस को परिसर में छिपा कर रखने का खुलासा किया था। साथ ही इन एंबुलेंस से ईंट और बालू ढोने के भी आरोप लगे थे। अब इनमें से एक एंबुलेंस से शराब बरामद हुई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • गुवाहाटी में 'गरजा' गिल का बल्ला, दोहरे शतक के साथ वेस्टइंडीज को 8 विकेट से रौंदा, सीरीज में भारत की अजेय बढ़त

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: भारत ने 405 रन के ऐतिहासिक लक्ष्य का पीछा कर वेस्टइंडीज को हराया, कप्तान गिल ने लगाया दोहरा शतक

  • ,
  • ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्र नेताओं ने खोला मोर्चा, गांधी जयंती पर विशाल प्रदर्शन का ऐलान

  • ,
  • प्रधानमंत्री मोदी सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ, उनका पूरा तंत्र शिक्षा से नफरत करता है: राहुल गांधी

  • ,
  • नंदीग्राम उपचुनावः कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान जेल से रिहा, बोले- पुलिस ने नामांकन वापस लेने का दबाव बनाया