हालात

बिहार: परीक्षा लीक के खिलाफ सड़क पर तेजस्वी यादव, राजभवन तक करेंगे मार्च, चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात

तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून व्यवस्था और परीक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक और अनियमितताओं की वजह से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

बिहार में पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विपक्ष के नेता और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव आज राजभवन तक मार्च करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मार्च के जरिए छात्रों और युवाओं की समस्याओं को उठाते हुए राज्य सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।

तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून व्यवस्था और परीक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक और अनियमितताओं की वजह से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका दावा है कि मैट्रिक-इंटर की परीक्षाओं से लेकर विभिन्न भर्ती परीक्षाओं तक पेपर लीक की शिकायतें सामने आती रही हैं।

तेजस्वी ने सीवान में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मामले को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने एके-47 का प्रदर्शन किया और गोली चलाने की घटना सामने आई। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि छात्रों पर कार्रवाई का आदेश किसने दिया था और इसके लिए जिम्मेदारी क्यों तय नहीं की गई।

उन्होंने बताया कि यह मामला बिहार के डीजीपी विनय कुमार के सामने भी उठाया गया है। तेजस्वी के मुताबिक, एक कांस्टेबल को बर्खास्त किया गया, लेकिन अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई।

आज होने वाले राजभवन मार्च में छात्रों, शिक्षकों, कोचिंग संस्थानों से जुड़े युवाओं और परीक्षा व रोजगार व्यवस्था से परेशान लोगों के शामिल होने की बात कही गई है। तेजस्वी ने दूसरे राज्यों के नेताओं को भी मार्च में शामिल होने का न्योता दिया है।

तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार के एक करोड़ नौकरियां देने के वादे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब तक एक लाख नौकरियां भी उपलब्ध नहीं करा पाई है। इसके अलावा उन्होंने शराबबंदी को लेकर भी सरकार पर हमला बोला और दावा किया कि राज्य में शराब की अवैध बिक्री और होम डिलीवरी जारी है।

IANS के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए