हालात

गैंगरेप के दो दोषियों को जमानत मिलने से खौफ में बिलकीस बानो, परिवार के साथ गुजरात छोड़ा

बिलकिस बानो के चाचा रज्जाक मंसूरी ने कहा कि बानो और उनके परिवार को एहसास हुआ कि अगर दोषी इस तरह जमानत हासिल कर सकते हैं, तो वे कुछ भी कर सकते हैं।

गैंगरेप के दो दोषियों को जमानत मिलने से खौफ में बिलकीस बानो, परिवार के साथ गुजरात छोड़ा
गैंगरेप के दो दोषियों को जमानत मिलने से खौफ में बिलकीस बानो, परिवार के साथ गुजरात छोड़ा फोटोः सोशल मीडिया

गैंगरेप के दो दोषियों की सजा निलंबित होने से बिलकिस बानो बेहद खौफ में

किसी अनहोनी के डर से बिलकिस ने अपने परिवार के साथ राज्य छोड़ दिया

चाचा ने कहा कि उच्चतम न्यायालय का फैसला परिवार के लिए बड़ा झटका

गुजरात दंगों के दौरान सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुईं बिलकीस बानो मामले में सुप्रीम कोर्ट से दो दोषियों की सजा निलंबित होने और उन्हें जमानत मिलने के बाद खौफ में हैं। दोषियों के जेल से बाहर आने के बाद किसी अनहोनी के खौफ में बिलकिस ने अपने परिवार के साथ राज्य छोड़ दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों की सजा रद्द की

उच्चतम न्यायालय ने 28 अक्टूबर को दिए एक आदेश में बिलकिस बानो से सामूहिक दुष्कर्म और परिवार के सदस्यों की हत्या मामले में दो दोषियों बिपिनचंद्र जोशी और प्रदीप मोरधिया की उम्रकैद की सजा निलंबित करके उन्हें जमानत दे दी थी। ये दोनों उन 11 लोगों में शामिल थे, जिन्हें 2002 के गुजरात दंगों के दौरान बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में 2008 में मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत ने दोषी ठहराया था।

जनवरी 2024 में उच्चतम न्यायालय ने सभी 11 दोषियों को दी गई सजा में सामूहिक छूट के फैसले को रद्द कर दिया था। इस छूट के कारण वे 2022 में जेल से रिहा हो गए थे। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के कारण सभी दोषियों को वापस जेल जाना पड़ा था। हालांकि, अब दो दोषियों को जमानत मिलने और सजा रद्द होने से एक बार फिर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।

इसे भी पढ़ेंः बिलकीस बानो केस में दो दोषियों को जमानत, सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पीड़िता ने जताई हैरानी, कहा- आदेश से स्तब्ध

डर के कारण गुजरात छोड़ने का फैसला किया

गुजरात के दाहोद जिले के देवगढ़ बारिया कस्बे में रहने वाले बिलकिस बानो के चाचा रज्जाक मंसूरी ने कहा, “वह (बानो) हाल तक गुजरात में ही थीं, लेकिन 28 अक्टूबर को उच्चतम न्यायालय ने दो दोषियों को जमानत दे दी। इसके बाद परिवार करीब 2-3 नवंबर को राज्य छोड़कर चला गया। डर के कारण परिवार समय-समय पर अपना रहने का स्थान बदलता रहता है, लेकिन गुजरात में ही रहता था। इस बार उन्होंने गुजरात छोड़ने का फैसला किया।”

कोर्ट का फैसला परिवार के लिए बड़ा झटका

मंसूरी ने कहा कि न्यायालय का फैसला परिवार के लिए बड़ा झटका था, क्योंकि किसी ने भी उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं दी थी। मंसूरी ने कहा कि यहां तक कि उनके वकील को भी इसकी जानकारी नहीं थी। परिवार को इस फैसले के बारे में सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला।

दोषी बाहर आने पर कुछ भी कर सकते हैं

मंसूरी ने कहा, “ये दोषी पैरोल पर बाहर आने के बाद अक्सर गांव लौटते हैं। कभी 15 दिन के लिए तो कभी एक महीने तक रहते हैं। फिलहाल वे गोधरा और दाहोद की उप-जेलों में बंद हैं। एक दोषी इस समय एक महीने की पैरोल पर बाहर है।” उन्होंने कहा कि बानो और उनके परिवार को एहसास हुआ कि अगर दोषी इस तरह जमानत हासिल कर सकते हैं, तो वे कुछ भी कर सकते हैं।

बेहद खौफ में है बिलकिस

उन्होंने कहा, “वह बहुत डरी हुई हैं।” मंसूरी के अनुसार, बिलकीस बानो का परिवार खास मौकों पर ही अपने पैतृक गांव रंधिकपुर (दाहोद जिला) आता था। उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा में छूट देकर रिहा किए जाने से पहले परिवार करीब दो साल तक गांव में रहा था। लेकिन उसके बाद हालात बदल गए।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)