
भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नविन और आरएसएस के गढ़ में मात मिली है।
यूपी की 11 सीटों में अबतक 6 पर बीजेपी ने जीत हासिल की है, जबकि 4 सपा जीत चुकी है।
जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘प्रवचनमंत्री जी को आत्ममंथन की जरूरत है, लेकिन वे दूसरों को प्रवचन दे रहे हैं।’’
विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपना पीठ थपथपा रही है, लेकिन असल में पार्टी के कई बड़े नेताओं के लिए यह एक चुनौती के तौर पर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नविन और आरएसएस के गढ़ में भी पार्टी को मात मिली है। यूपी की 11 सीटों में अबतक 6 पर बीजेपी ने जीत हासिल की है, जबकि 4 सपा जीत चुकी है और 1 पर आगे है। बीजेपी और पीएम मोदी के लिए वाराणसी की चुनौती और बड़ी हो गई है। यहां पार्टी अपने उम्मीदवार को जीताने में कामयाब नहीं हो सकी। पटना में भी बीजेपी को 30 साल बाद हार का सामना करना पड़ा है।
हालांकि, पीएम मोदी अपने आदतों के मुताबिक इस चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर तंज कसने से बाज नहीं आए। अब कांग्रेस ने नागपुर के नतीजों के बाद पीएम मोदी पर पलटवार किया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी की सीटें गिनने से पहले उन्हें इस बात पर आत्ममंथन करना चाहिए कि उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी की दोनों सीटों पर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का गढ़ माने जाने वाले नागपुर में बीजेपी कैसे पराजित हुई।
जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘प्रवचनमंत्री जी को आत्ममंथन की जरूरत है, लेकिन वे दूसरों को प्रवचन दे रहे हैं।’’
कांग्रेस नेता ने महंगाई, बेरोजगारी और निजी निवेश का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि करोड़ों परिवार ‘‘कमरतोड़ महंगाई’’ से त्रस्त हैं, युवा बेरोजगार हैं और निजी निवेश ठप पड़ा है।उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा, ‘‘ट्रोलिंग बंद कीजिए। अहंकार छोड़कर इन मुद्दों पर विचार करिए।’’
जयराम रमेश ने दावा किया कि वाराणसी और नागपुर से लेकर लखनऊ, प्रयागराज तथा पटना की जनता ने सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना मत व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, ‘‘वाराणसी और नागपुर से लेकर लखनऊ, प्रयागराज, पटना की जनता ने स्पष्ट रूप से आपकी नीतियों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया है।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा था कि इसका आकलन करिए कि कांग्रेस ने कितनी सीटें जीती हैं। प्रधानमंत्री ने जब यह तंज कसा था तो विधानसभा परिषद चुनाव में नागपुर स्नातक सीट का नतीजा नहीं आया था। कांग्रेस ने यहां जीत हासिल की है।
वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने दूसरी बार जीत हासिल की। उन्होंने बीजेपी के निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. प्रमोद मिश्रा को 5015 वोटों से हराया। बीजेपी के प्रमोद मिश्रा को कुल 6597 जबकि लाल बिहारी को 11612 वोट मिले। नितिन नवीन के गढ़ के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नीरज कुमार ने आरजेडी के दिलीप राय को हराया। इस सीट पर नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के बीच कड़ा मुकाबला था।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए