हालात

बिहार: पटना में BPSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, TRE 4.0 की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों छात्र

पटना में TRE 4.0 विज्ञापन की मांग को लेकर BPSC अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

बिहार की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार की गूंज थमी भी नहीं थी कि राजधानी पटना में BPSC अभ्यर्थियों का बड़ा प्रदर्शन शुरू हो गया। शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE 4.0 के विज्ञापन की मांग को लेकर करीब 10 हजार छात्र सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और कई छात्र एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।

पटना कॉलेज से डाकबंगला तक प्रदर्शन

अभ्यर्थियों का यह प्रदर्शन पटना कॉलेज से शुरू होकर डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ रहा था। भारी संख्या में छात्रों के सड़क पर उतरने से पूरे शहर की रफ्तार थम गई। डाकबंगला चौराहे के आसपास ट्रैफिक पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया और एम्बुलेंस से लेकर स्कूल बसों तक को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता दिलीप कुमार कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि सरकार TRE 3 की प्रक्रिया को लगातार खींच रही है, जबकि लाखों अभ्यर्थी TRE 4.0 के विज्ञापन का इंतजार कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी यह भी मांग कर रहे हैं कि सरकार शिक्षक भर्ती में रिक्त पदों की सही संख्या सार्वजनिक करे और विज्ञापन जारी करने की स्पष्ट समयसीमा बताए।

डोमिसाइल नीति को लेकर भी उठी मांग

प्रदर्शन के दौरान बिहार के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने वाली डोमिसाइल नीति का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। अभ्यर्थियों की मांग है कि शिक्षक बहाली में इस नीति को सख्ती से लागू किया जाए ताकि राज्य के युवाओं को प्राथमिकता मिल सके।

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि सरकार मंत्रिमंडल विस्तार में व्यस्त है, लेकिन उन युवाओं की चिंता नहीं कर रही जो लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आज विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन घेराव में बदल दिया जाएगा।

पुलिस बल तैनात, प्रशासन अलर्ट

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल की तैनाती की थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन भी लगाए गए और डाकबंगला चौराहे को चारों तरफ से घेर लिया गया। हालांकि प्रदर्शन बढ़ने के साथ पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

अब तक शिक्षा विभाग या हाल ही में शपथ लेने वाले मंत्रियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसे लेकर छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई है। पटना में दिनभर चले इस विरोध प्रदर्शन ने राज्य की शिक्षा और भर्ती व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: आर्चरी में आया एक और गोल्ड, 17 साल की कुमकुम मोहोड ने रच दिया इतिहास, होर्मुज में टैंकर पर हमला

  • ,
  • एशियाई खेलों में भारत को एक और स्वर्ण, 17 साल की कुमकुम मोहोड ने रच दिया इतिहास, आर्चरी में जीता गोल्ड मेडल

  • ,
  • कांग्रेस ने परगट सिंह को बनाया पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष, आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश की कमान

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: प्रदर्शनकारियों की हिरासत पर भड़के राहुल गांधी, कहा- ज्ञानेश जाएंगे और उन्हें बिठाने वाला सिस्टम भी जाएगा

  • ,
  • बिहार में बाढ़ का कहर, गंडक का एक और तटबंध टूटा, सारण के नए इलाकों में घुसा पानी, NDRF-SDRF की 19 टीम तैनात