
कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने राजस्थान में निवेश सुगम बनाने में विफल रहने को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधा।
इन नेताओं ने फ्रांसीसी राजदूत द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लिखे गए कतिपय पत्र का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार 'राइजिंग राजस्थान' के नाम पर वाहवाही लूटने का काम कर रही है और निवेशकों को मदद करने की इसकी सोच ही नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने भारत में फ्रांस के राजदूत थियरी माथौ के इस पत्र को सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने दावा किया कि 'राइजिंग राजस्थान' निवेश शिखर सम्मेलन के दौरान हुए समझौते और मुख्यमंत्री के साथ सकारात्मक चर्चाओं के बावजूद फ्रांसीसी कंपनी ‘सौफले माल्त इंडिया’ को अपनी प्रस्तावित परियोजना के लिए जमीन नहीं मिल सकी है।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में तैयार एलपीजी को तब तक राज्य से बाहर नहीं भेजा जाना चाहिए, जब तक कि एलपीजी सप्लाई को लेकर चल रहा मौजूदा संकट हल नहीं हो जाता।
उन्होंने यह आशंका भी जताई कि भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा पश्चिम बंगाल से दूसरे राज्यों में नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले, बदलाव और डेपुटेशन के बाद, इस बात की पूरी संभावना है कि राज्य में बनने वाली एलपीजी की सप्लाई राज्य से बाहर कर दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाहर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि मौजूदा संकट के दौर में, किसी भी हाल में पश्चिम बंगाल में बनने वाली एलपीजी राज्य से बाहर नहीं जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले, बदलाव और डेपुटेशन की वजह से ऐसा होने की आशंका बनी हुई है। साथ ही, विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव अधिकारी और सीएपीएफ के जवान भी बड़ी संख्या में पश्चिम बंगाल आएंगे। राज्य के लोगों को खाना पकाने के लिए मिलने वाली एलपीजी की सप्लाई में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद सीएम बनर्जी पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल के लिए रवाना हो गईं, जहां उन्हें अलग-अलग चुनावी रैलियों को संबोधित करना था।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को हिमस्खलन की कई घटनाएं हुईं, जिनमें सात लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोपहर के समय ‘जीरो पॉइंट’ और मिनिमार्ग के बीच के इलाके में हिमस्खलन की कई घटनाएं हुईं जिससे वाहन मलबे के नीचे दब गए।
अधिकारियों ने बताया कि तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि बर्फ को हटाने और फंसे लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस घटना में सात लोगों की मौत की पुष्टि की।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
उत्तर प्रदेश के बरेली शहर के दीनदयाल पुरम में स्थित प्रदर्शनी नगर में पुराने पासपोर्ट कार्यालय को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद पुलिस ने पूरे भवन की तलाशी ली, लेकिन अब तक किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला।
पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे कार्यालय की आधिकारिक आईडी पर प्राप्त हुआ। मेल देखते ही अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को रामनवमी के कारण कार्यालय अवकाश पर था, लेकिन केंद्रीय स्तर पर कार्य जारी था। इसी दौरान आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। इसमें लिखा गया था कि अपराह्न दो बजे तक एक ‘जहरीले बम’ से कार्यालय उड़ा दिया जाएगा।
बरेली के पुलिस अधीक्षक मानुष पारीक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियातन पूरे परिसर को खाली कराया गया और आसपास के इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
कांग्रेस नेता और लोकसभा सदस्य कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में एलपीजी, पीएनजी और डीजल से जुड़े संकट से सरकार की विफलता उजागर हो गई है।
एक बयान में सैलजा ने दावा किया कि बिना उचित योजना के पीएनजी को अनिवार्य बनाने के फैसले से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई परिवारों को अपने एलपीजी कनेक्शन छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा लेकिन पीएनजी कनेक्शन समय पर उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे अनेक परिवार रसोई गैस से वंचित रह गए।
सैलजा ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, वहां भी कनेक्शन के लिए आवेदन लंबे समय से लंबित हैं, जो प्रशासनिक अक्षमताओं को उजागर करता है।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
कांग्रेस ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, सांसद शशि थरूर और दूसरे लोग इस चुनाव में कैंपेन करेंगे।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
जंग के बीच अमेरिका से बातचीत के दावे को ईरान ने खारिज कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका से बातचीत की पेशकश हार मानने के समान है।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती पर कहा, "इससे पेट्रोल और डीजल पर जनता के लिए एक रुपया भी कम नहीं होगा। न पेट्रोल सस्ता होने वाला, न डीजल सस्ता होने वाला और न गैस सस्ती होने वाली..."
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण ब्लास्ट मामले में जांच को आगे बढ़ाने के लिए अदालत ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को 45 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। पटियाला हाउस कोर्ट की एनआईए अदालत ने यह समय एजेंसी की मांग पर बढ़ाया है।
एनआईए ने दूसरी बार कोर्ट से समय बढ़ाने की अपील की थी, जिसे शुक्रवार को मंजूरी मिल गई। एजेंसी का कहना है कि जांच के दौरान कई नए सुराग सामने आए हैं और बड़े पैमाने पर डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है, जिसके लिए अतिरिक्त समय जरूरी है।
एनआईए ने दावा किया है कि इस मामले के तार केवल भारत तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जुड़े हो सकते हैं। एजेंसी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
कांग्रेस ने तेल विपणन कंपनियों की मदद के लिए पेट्रोल और डीजल पर सरकार द्वारा उत्पाद शुल्क घटाए जाने के बाद शुक्रवार को कहा कि यह घोषणा चार राज्यों एवं एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के कारण की गई है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने तंज कसते हुए कहा कि लोगों को 30 अप्रैल तक का इंतजार करना चाहिए।
पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे एवं अंतिम चरण का चुनाव संपन्न होगा।
सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण कच्चे तेल की वैश्विक स्तर पर बढ़ती कीमतों से निपटने में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) जैसी तेल विपणन कंपनियों की मदद करने के लिए पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया है और डीजल पर इसे शून्य कर दिया गया है।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। ऐसे समय में ज़रूरी है कि हम सभी शांत, ज़िम्मेदार और एकजुट रहें।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
उत्तरी दिल्ली के त्रिनगर इलाके में शुक्रवार सुबह एक घर की तीसरी मंजिल में आग लगने से पांच लोग झुलस गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, अग्निशमन सेवा को सुबह सात बजकर 10 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद घटना स्थल पर दमकल की तीन गाड़ियां, केशव पुरम थाने की टीम और एक एंबुलेंस को भेजा गया। उन्होंने बताया कि पांचों घायलों को उपचार के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया है।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में अनगिनत फर्जी एनकाउंटर का दावा करते हुए कहा है कि जब वे कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में कोई माफिया नहीं है, तो आपको समझ जाना चाहिए कि वहां सिर्फ एक ही माफिया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाफ भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के आरोपों प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "उत्तर प्रदेश में यह (एनकाउंटर) कोई नई बात नहीं है। जब वे कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में कोई माफिया नहीं है, तो आपको समझ जाना चाहिए कि वहां सिर्फ एक ही माफिया है। फर्जी एनकाउंटर सिर्फ एक बार नहीं हुए हैं। जब भी कोई निष्पक्ष जांच होगी, तो आपको पता चलेगा कि उत्तर प्रदेश सरकार में अनगिनत फर्जी एनकाउंटर हुए हैं।"
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
सरकार ने शुक्रवार को प्रति लीटर पेट्रोल-डीजल पर 10 रुपये एक्साइज ड्यूटी घटाने का फैसला किया है। सरकार के इस कदम के बाद पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी, जो पहले 13 रुपये थी, वो अब घटकर 3 रुपये रह गई है और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी, जो पहले 10 रुपये थी, वो अब शून्य हो गई है।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वह ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर 10 दिन तक हमला नहीं करेंगे। उन्होंने गुरुवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि यह फैसला ईरान के अनुरोध पर लिया गया है और नई डेडलाइन 6 अप्रैल तय की गई है।
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 27 Mar 2026, 7:55 AM IST