
देश में बदलते राजनीतिक हालात पर मंथन के लिए इंडिया गठबंधन की बैठक आज दिल्ली में स्थित संविधान (कॉन्स्टिट्यूशन) क्लब में होगी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इंडिया गठबंधन की इस बैठक में 23 दलों के शामिल होने का दावा किया है। रमेश ने कहा कि सरकार करोड़ों भारतीयों के मतदान के अधिकार को कमजोर कर रही है, संविधान पर लगातार आघात कर रही है, जांच एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है, करोड़ों लोगों की आजीविका को नुकसान पहुंचा रही है, लगातार बढ़ती महंगाई से परिवारों का बजट बिगाड़ रही है, लाखों युवाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं को तोड़ रही है, निवेश के माहौल को प्रभावित कर रही है और अपनी विदेश नीति के जरिए राष्ट्रीय हितों से समझौता कर रही है।
फिलीपींस के दक्षिणी द्वीप मिंदानाओ में सोमवार को 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इसमें एक की मौत की खबर सामने आई है, भूकंप के बाद फिलीपींस और इंडोनेशिया के कई तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। समुद्र किनारे रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
रविवार देर रात ईरान ने इजरायल पर हमले किए थे। जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू को जवाबी कार्रवाई न करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद इजरायल की वायु सेना ने ईरान पर एयर स्ट्राइक कर दी है। इजराली सेना ने ईरानी एयरस्पेस के बाहर से ही अटैक किए हैं। इजरायली लड़ाकू विमानों ने ईरान की सीमा के भीतर दाखिल हुए बिना, उसकी हवाई सीमा के बाहर से ही मिसाइलें दागकर ईरानी ठिकानों को निशाना बनाया। इजरायल ने तेहरान, इस्फहान, तबरीज और मेहराबाद एयरपोर्ट पर हमले किए हैं।
फर्राटा धावक शशिकेश कुमार पर राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) के डोपिंग रोधी अनुशासनात्मक पैनल (एडीडीपी) ने पहले से लगे प्रतिबंध के दौरान प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए दूसरी बार तीन साल का प्रतिबंध लगाया है। शशिकेश को पहले 10 जनवरी 2024 से नौ जनवरी 2027 तक तीन साल के लिए निलंबित किया गया था। उनका नया निलंबन नौ जनवरी 2027 से शुरू होगा जिस दिन उनका पहला निलंबन खत्म होगा।
एक अन्य ट्रैक एवं फील्ड खिलाड़ी काजल पर भी पांच साल का प्रतिबंध लगाया गया है। नाडा की नवीनतम सूची के अनुसार उनका निलंबन 30 अप्रैल 2025 से शुरू हुआ। एक और ट्रैक एवं फील्ड खिलाड़ी रमनदीप कौर को आठ मई 2026 से दो साल के लिए प्रतिबंधित किया गया। भारोत्तोलन (12 जून 2025 से पांच साल के लिए) और कुश्ती (19 फरवरी 2025 से चार साल के लिए) में एक-एक नाबालिग को भी निलंबित किया गया है। एक और भारोत्तोलनक आरोकिया एलिश पर चार साल का प्रतिबंध लगाया गया जो 17 मार्च 2025 से लागू होगा।पहलवान साकेत यादव (चार साल), दीपक (एक साल) और राधिका (चार साल) को भी निलंबित किया गया है।
मुंबई की परिवहन सेवा ‘बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट’ (बेस्ट) की एक तेज रफ्तार बस सोमवार को दादर इलाके में दो कारों समेत कई वाहनों से टकरा गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घायल हुए दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पश्चिम बंगाल पुलिस प्रशासन में सोमवार को बड़ा फेरबदल हुआ, जिसमें सरकार ने 179 आईपीएस अधिकारियों के तबादले का नोटिफिकेशन जारी किया। तबादले में लगभग 12 पुलिस अधीक्षक (एसपी) शामिल हैं, जिनमें दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर के एसपी भी हैं। डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी करते हैं। राज्य में सत्ता में आने के बाद सुवेंदु अधिकारी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर अपना पहला बड़ा फेरबदल किया।
सूर्य प्रताप यादव को बीरभूम जिले के पुलिस अधीक्षक पद से हटा दिया गया। उन्हें कोलकाता पुलिस के संयुक्त सीपी (प्रशासन) का प्रभार दिया जा रहा है। जलपाईगुड़ी के एसपी अमरनाथ के. को पदोन्नत (प्रमोट) करके उत्तर बंगाल के इंटेलिजेंस ब्यूरो का डीआईजी बनाया गया है। पुरुलिया के एसपी वैभव तिवारी को अब कोलकाता पुलिस का संयुक्त सीपी (सशस्त्र पुलिस) नियुक्त किया गया है। बारासात पुलिस जिले की अधीक्षक पुष्पा को पूर्वी बर्दवान भेजा गया है।
बांकुड़ा के एसपी सौमादित्य भट्टाचार्य को मालदा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का प्रभार दिया गया है। दक्षिण दिनाजपुर के पुलिस अधीक्षक चिन्मय मित्तल का भी तबादला कर दिया गया है। हुगली ग्रामीण एसपी कुमार सनी राज को पुरुलिया का प्रभार दिया गया है। बारुईपुर पुलिस जिले के अधीक्षक शुवेंद्र कुमार को कोलकाता पुलिस की वायरलेस शाखा का प्रभार दिया गया है। डायमंड हार्बर पुलिस जिले की एसपी ईशानी पाल ने कोलकाता पुलिस के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के डीसीपी का पदभार संभाल लिया है।
बंगाल एसटीएफ के अधीक्षक पारिजात विश्वास को प्रवर्तन शाखा में भेजा गया है। पूर्वी बर्दवान के एसपी सायक दास का भी तबादला कर दिया गया है। बंगाल एसटीएफ के डीआईजी सुधीर कुमार नीलकंठम को पश्चिम बंगाल पुलिस की काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स (सीआईएफ) के महानिरीक्षक (आईजी) का प्रभार दिया गया है। कोलकाता पुलिस की सशस्त्र पुलिस के संयुक्त सीपी शुभंकर भट्टाचार्य को ट्रैफिक डीआईजी का प्रभार दिया गया है।एबीएम
आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम स्टील प्लांट की SMS-2 और STC-3 हीट फैसिलिटी में बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील लीक होने से आठ मज़दूरों की जान चली गई और कई दूसरे घायल हो गए। यह घटना बहुत ज़्यादा तापमान पर पिघले हुए स्टील को ले जा रही एक लैडल के फटने से हुई। इससे अफ़रा-तफ़री मच गई, जिससे मज़दूर और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्टील प्लांट के लोग मौके पर पहुँच गए हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष के उस फैसले को कलकत्ता उच्च न्यायालय में चुनौती दी, जिसमें पार्टी के एक अलग गुट के नेता रिताब्रता बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दी गई है। तृणमूल कांग्रेस के वकील ने तत्काल सुनवाई का अनुरोध करते हुए अदालत को बताया कि 18वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा का पहला सत्र 18 जून से शुरू होने वाला है। न्यायमूर्ति कृष्णा राव ने कहा कि याचिका पर 11 जून को प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई की जाएगी।
मामले का तात्कालिकता के आधार पर न्यायमूर्ति राव के समक्ष उल्लेख किया गया था।याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत को बताया कि सदन के अध्यक्ष याचिका में मुख्य प्रतिवादी हैं। तृणमूल के 80 विधायकों में से 58 ने नेता प्रतिपक्ष पद के लिए रिताब्रता बनर्जी का समर्थन किया था और पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार शोभनदेब चट्टोपाध्याय को खारिज कर दिया।हाल में हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 और तृणमूल ने 80 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद से तृणमूल कांग्रेस में विद्रोह की लपटें अब पार्टी के संसदीय दल तक पहुंचती दिख रही हैं। टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के करीब 20 सांसदों ने बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन देने का फैसला किया है, जिनमें मैं भी शामिल हूं। दस्तीदार ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर एनडीए के साथ गठबंधन करने की इच्छा जताई है। दस्तीदार ने कहा कि हमने बंगाल के चुनावी नतीजों को स्वीकार कर लिया है और हमारा मानना है कि हमारा भविष्य का राजनीतिक मार्ग एनडीए के साथ ही होना चाहिए।
इससे पहले खबर आई थी कि पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक के लिए दिल्ली में मौजूद रहने के बीच टीएमसी के असंतुष्ट सांसदों के एक समूह ने बंद कमरे में बैठक की है। इस घटनाक्रम ने पार्टी में असंतोष के स्तर को उजागर किया है।
फिलीपीन के एक प्रांत में सोमवार को आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम 17 लोग मारे गए। इसी के साथ इस क्षेत्र में भूकंप से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 32 हो गई है। सारंगानी प्रांत के आपदा प्रबंधन अधिकारी रेने पुंजालन ने डीजेडबीबी रेडियो नेटवर्क को बताया कि ग्लान के पहाड़ी कस्बे में भूकंप के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में कई घर आ गए और इस हादसे में 13 ग्रामीणों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सारंगानी में चार अन्य ग्रामीणों की मौत के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
अधिकारी ने बताया कि इसी के साथ इस साल फिलीपीन द्वीपसमूह में आए सबसे शक्तिशाली भूकंप में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 32 हो गई है। भूकंप के कारण दक्षिणी फिलीपीन में छोटी इमारतें ढह गईं और सुनामी की छोटी लहरें उठीं। इंडोनेशिया, पलाऊ और दक्षिणी जापान तक इन सुनामी लहरों का असर देखा गया।
इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आज बैठक में 25 दल शामिल हुए, सभी ने अपनी अपनी राय दी, उसके बाद हम 5 बिंदूओं पर आज सहमत हुए हैं। खड़गे ने कहा कि इन मुद्दों पर हम डटके काम करेंगे।
पहला मुद्दा है कि हम एक पत्र देश में वोट लूट को लेकर सीजेआई को लिखेंगे, दूसरा मुद्दा ये है कि हम शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं क्योंकि उनके कार्यकाल में नीट-सीबीएसई परिक्षा को लेकर छात्रों के साथ विश्वासघात हुआ हैै। तीसरा मुद्दा केंद्र सरकार एक ऑल पार्टी मीटिंग बुलाए और अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी समेत किसानों के मुद्दे पर चर्चा करे। चौथा मुद्दा है कि हम हर दो महीने में मिलेंगे और इंडिया गठबंधन की अगली बैठक अगस्त में हैदराबाद में होगी और 5वां मुद्दा संसद में सभी पार्टियों का कॉर्डिनेशन जारी रहेगा, मॉनसून सेशन के दौरान हर दिन सुबह लीडर ऑफ अपोजिशन के ऑफिस में बैठक होगी। सभी दल इसपर सहमत हुए हैं।
INDIA गठबंधन की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं INDIA समूह के नेताओं की इस बैठक में आप सभी का स्वागत करता हूं। यह समूह लगभग ठीक तीन साल पहले अस्तित्व में आया था। मैं ज्यादा नहीं बोलना चाहता, क्योंकि हमारे सामने मौजूद मुद्दे आप सभी अच्छी तरह जानते हैं। हमने 17 अप्रैल, 2026 को लोकसभा में अपनी एकजुटता और एकता को बहुत निर्णायक तरीके से दिखाया, जब हम सबने मजबूती से एकजुट होकर डिलिमिटेशन पर मोदी सरकार के दुर्भावनापूर्ण बिलों को परास्त किया।
अब हमें उसी भावना को और मजबूत करना है और आगे बढ़ाना है, ताकि मोदी सरकार के कुशासन के कारण देश के सामने खड़ी कई राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और विदेश नीति से जुड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सके। SIR के कारण हमारे करोड़ों लोगों से उनका मताधिकार छीना जा रहा है। संविधान पर हमला लगातार जारी है। जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने और डराने-धमकाने के औजार के रूप में लगातार किया जा रहा है। गैर-भाजपा सरकारों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और आर्थिक माहौल बेहद नकारात्मक है। नई नौकरियां पैदा करने के लिए जिस रफ्तार से नए निवेश आने चाहिए, वे बिल्कुल उस रफ्तार से नहीं आ रहे हैं। कई क्षेत्रों में निजी एकाधिकार बढ़ रहा है और MSMEs का भविष्य गंभीर संकट में है। परीक्षा प्रणाली के पूर्ण कुप्रबंधन के कारण हमारे लाखों युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं के साथ विश्वासघात किया जा रहा है। समाज के कमजोर वर्गों पर अत्याचार, खासकर भाजपा शासित राज्यों में, लगातार जारी हैं। हमारी विदेश नीति के साथ पूरी तरह से समझौता किया गया है और उन पारंपरिक मूल्यों को कायम नहीं रखा गया है, जिनकी भारत लंबे समय से पुरजोर समर्थन करता रहा है।
मैं प्रत्येक दल के नेता से अनुरोध करूंगा कि वे कुछ शब्द कहें, जिसके बाद हम आगे उठाए जाने वाले कदमों पर सामूहिक रूप से चर्चा कर सकते हैं। इसके बाद हम सभी दोपहर 2:30 बजे बगल के हॉल में संयुक्त रूप से मीडिया से मिलेंगे।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तेज आंधी और बारिश के दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया। रविवार को आंधी-बारिश के दौरान एअर इंडिया के तीन विमान एक साथ क्षतिग्रस्त हो गए। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ग्राउंड हैंडलिंग उपकरणों के अचानक खिसक जाने से यह दुर्घटना हुई।
पश्चिम बंगाल के फलता से पूर्व विधायक टीएमसी के जहांगीर खान की गिरफ्तारी हो गई है। जहांगीर खान को नेपाल सीमा से पकड़ा गया है।
पश्चिम एशिया में ईरान और इजराइल के बीच छिड़े ताजा संघर्ष की आग सीधे तौर पर दलाल स्ट्रीट तक पहुंच गई है। रविवार देर रात ईरान की ओर से इजरायल पर किए गए ताबड़तोड़ ड्रोन और मिसाइल हमलों ने दुनियाभर के निवेशकों में डर पैदा कर दिया है, जिसका असर आज यानी सोमवार सुबह बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी की भारी गिरावट के रूप में दिखा। BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹4 लाख करोड़ से अधिक गिर गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से ईरान द्वारा किए गए मिसाइल हमलों का जवाब न देने का आग्रह किया और कहा कि इससे तीन महीने से जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए शांति समझौते की बातचीत खतरे में पड़ जाएगी।
अमेरिकी मीडिया आउटलेट ‘एक्सियोस’ ने अपनी खबर में कहा कि रविवार को ईरान द्वारा इजराइल पर मिसाइलें दागे जाने के बाद, ट्रंप ने नेतन्याहू से बात की ताकि दोनों देशों के बीच नए सिरे से तनाव पैदा होने से शांति समझौते पर असर न पड़े।
ट्रंप ने ईरान से भी बातचीत की मेज पर लौटने का आग्रह किया।
ट्रंप ने ‘फॉक्स न्यूज’ से कहा, “हम समझौते के बेहद करीब हैं। मेरा मानना है कि इस सप्ताह सोमवार, मंगलवार या बुधवार को समझौता हो जाएगा। इस बीच यह घटना हो गई।’’
बिहार के औरंगाबाद भीषण सड़क हादसा हो गया है। ट्रेलर की भिड़ंत टूरिस्ट बस से हो गई। हादसे में 3 पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 20 पर्यटक घायल हो गए। 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस बोधगया से काशी जा रही थी बस। लेकिन ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हो गया। देव थाना क्षेत्र के भवानी होटल के पास की घटना की है।
उत्तर प्रदेश की STF टीम ने पूर्वांचल के कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह को ढेर किया. घटना के बारे में ADG LO अमिताभ यश के अनुसार कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और डकैती जैसे 40 से अधिक मामलों में फरार चल रहे इस आरोपी पर आजमगढ़, अंबेडकर नगर और गोरखपुर पुलिस की तरफ से कुल 1.65 लाख रुपये का इनाम घोषित था
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 08 Jun 2026, 7:57 AM IST