
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के ककीरा में सोमवार तड़के एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से गुजरात के पांच पर्यटकों सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने और घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Published: undefined
पुलिस ने बताया कि 10 लोगों को लेकर जा रही एक 'टोयोटा इनोवा' कार मनाली से डलहौजी की ओर जा रही थी, तभी लाहड़ू-तुन्नुहट्टी मार्ग पर यह हादसा हुआ। वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार, कार के खाई में गिरने के बाद उसके परखच्चे उड़ गए और मलबा चारों ओर बिखर गया। बचाव दल को घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल स्थानांतरित किया गया।
Published: undefined
इस हादसे में मृतकों की पहचान गुजरात निवासी ललित भाई फतनानी, उनकी पत्नी ममता, प्रियांक कन्हैया लाल, उनकी पत्नी काजल और बेटे दियांश के रूप में हुई है। हादसे में चालक जसवंत की भी मौत हो गई है, जो मंडी जिले के जोगिंदरनगर उपमंडल का रहने वाला था।
Published: undefined
अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन घायलों ने बताया कि एक मोड़ पर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था। पुलिस ने बताया कि घायलों को कांगड़ा जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (टांडा) में भर्ती कराया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined