
केंद्र सरकार ने शनिवार को फिल्म गीतकार प्रसून जोशी को भारत के सार्वजनिक प्रसारक ‘प्रसार भारती’ का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान में जोशी की नियुक्ति की घोषणा की। वह नवनीत सहगल की जगह लेंगे जिन्होंने कुछ महीने पहले अचानक से पद से इस्तीफा दे दिया था।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के बयान के मुताबिक, साहित्य, विज्ञापन, सिनेमा और सार्वजनिक संचार के क्षेत्र में व्यापक योगदान देने वाले प्रतिष्ठित रचनात्मक पेशेवर प्रसून जोशी अपने प्रभावशाली लेखन और गहरी सांस्कृतिक संवेदनशीलता के लिए जाने जाते हैं। जोशी के कार्यों में प्रशंसित फिल्मी गीत, विज्ञापन लेखन और सामाजिक रूप से प्रासंगिक कहानियां शामिल हैं, जो देश भर के विविध दर्शकों से जुड़ती हैं।
Published: undefined
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जोशी की नियुक्ति पर कहा, “प्रसार भारती बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में प्रसून जोशी की नियुक्ति पर मेरी हार्दिक बधाई। प्रसून जी एक विलक्षण रचनात्मक प्रतिभा हैं, जिन्हें विज्ञापन, साहित्य, कला और सिनेमा के क्षेत्र में दुनिय़ा भर में सम्मान मिला है, लेकिन उनका दिल स्पष्ट रूप से भारत के लिए धड़कता है।”
वैष्णव ने कहा कि जोशी के शब्दों में देश की मिट्टी की सुगंध समाई हुई है और उनकी दृष्टि भारतीय संस्कृति के शाश्वत सार को प्रतिबिंबित करती है। मंत्री ने कहा, “उनके (प्रसून जोशी के) नेतृत्व में प्रसार भारती को नई ऊर्जा, सार्थक उद्देश्य और एक नई रचनात्मक आवाज मिलेगी। मैं उन्हें उनके यादगार और सार्थक कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”
Published: undefined
इस नियुक्ति से पहले, जोशी अगस्त 2017 से मुंबई स्थित केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। बयान में बताया गया कि उन्होंने (प्रसून जोशी ने) फिल्म उद्योग के सभी हितधारकों के साथ जुड़कर फिल्म प्रमाणन प्रक्रियाओं को मजबूत करने में योगदान दिया और बोर्ड में उनका कार्यकाल रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं नियामक जिम्मेदारी के प्रति संतुलित दृष्टिकोण को दर्शाता है।
Published: undefined
प्रसार भारती (ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया) अधिनियम, 1990 के तहत स्थापित और 1997 से कार्यरत प्रसार भारती भारत का वैधानिक स्वायत्त सार्वजनिक सेवा प्रसारक है। प्रसार भारती के दो प्रमुख विभाग हैं, ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) और दूरदर्शन (डीडी)। एआईआर विश्व के सबसे बड़े रेडियो नेटवर्क में से एक है और यह शहरी व ग्रामीण भारत में कई भाषाओं और बोलियों में लाखों श्रोताओं तक पहुंचता है। जबकि डीडी भारत का राष्ट्रीय टेलीविजन प्रसारक है, जो समाचार, शिक्षा, मनोरंजन और सांस्कृतिक सामग्री सहित व्यापक कार्यक्रम प्रस्तुत करता है।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined