हालात

सीजेपी ने किया इंडिया ब्लॉक की पहली नवंबर की रैली का समर्थन, दीपके ने कहा- ज्ञानू मस्ट गो

कांग्रेस ने एसआईआर और वोट चोरी के खिलाफ 1 नवंबर को रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली का ऐलान किया है। कांग्रेस के के मुताबिक रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।

सीजेपी ने किया इंडिया ब्लॉक की पहली नवंबर की रैली का समर्थन, दीपके ने कहा- ज्ञानू मस्ट गो
सीजेपी ने किया इंडिया ब्लॉक की पहली नवंबर की रैली का समर्थन, दीपके ने कहा- ज्ञानू मस्ट गो फाइल फोटोः PTI

सीजेपी ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली को समर्थन दिया

अभिजीत दीपके ने इस संबंध में पत्र जारी करते हुए कहा कि ज्ञानू मस्ट गो! देश सबसे ऊपर!

जनता अपनी सरकार चुनती है, न कि सरकार अपने मतदाताओं को चुनती है

कॉकरोच जनता पार्टी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली को समर्थन देने का ऐलान किया है। सीजेपी संयोजक अभिजीत दीपके ने इस संबंध में पत्र जारी करते हुए कहा कि ज्ञानू मस्ट गो! कॉकरोच जनता पार्टी इंडिया ब्लॉक की 1 नवंबर की रैली को अपना समर्थन देती है। देश सबसे ऊपर!

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा

सीजेपी की ओर से जारी लेटर में कहा गया कि लोकतंत्र का मूल सिद्धांत यह है कि जनता अपनी सरकार चुनती है, न कि सरकार अपने मतदाताओं को चुनती है। सीजेपी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए इस सिद्धांत को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।

स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों की विश्वसनीयता प्रभावित हुई

सीजेपी ने कहा कि एसआईआर से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। कॉकरेच जनता पार्टी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों की निगरानी के लिए जरूरी भरोसा खो दिया है। उनका इस्तीफा चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और स्वतंत्रता बहाल करने के लिए जरूरी है।

सीजेपी ने संविधान निर्माण में डॉ. बीआर आंबेडकर की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि हर वयस्क नागरिक को जाति, धर्म, लिंग, शिक्षा या आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना वोट देने का समान अधिकार दिया गया। संविधान निर्माताओं का भरोसा जनता पर था और लोकतंत्र तभी सफल हो सकता है, जब हर नागरिक को देश का भविष्य तय करने में समान अधिकार मिले।

नागरिक के वोट देने के अधिकार की रक्षा करना जरूरी

सीजेपी ने आगे कहा कि मौजूदा एसआईआर प्रक्रिया को लेकर मतदाता सूची से पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। सीजेपी के मुताबिक, नागरिकों के लिए मतदान का अधिकार इस्तेमाल करना आसान बनाने के बजाय उन्हें इससे बाहर किए जाने का डर बढ़ रहा है। सीजेपी ने कहा कि वह देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए संघर्ष कर रहे सभी संगठनों का समर्थन करेगी। पार्टी ने कहा कि हर पात्र नागरिक के वोट देने के अधिकार की रक्षा करना सरकार और संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है।

रैली में करीब 10 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद

कांग्रेस ने एसआईआर और वोट चोरी के खिलाफ 1 नवंबर को रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली का ऐलान किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पिछले महीने एसआईआर के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के अभियान के तहत इस रैली का ऐलान किया था। कांग्रेस के नेताओं के मुताबिक, 1 नवंबर की रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। पार्टी को उम्मीद है कि इस रैली में करीब 10 लाख लोग शामिल होंगे।