हालात

पीएम के करीबी ए के शर्मा बने यूपी बीजेपी के उपाध्यक्ष, चुनाव से पहले योगी का डैमेज कंट्रोल करने की कवायद

मऊ निवासी अरविंद कुमार शर्मा गुजरात कैडर के आईएएस अफसर रहे हैं। उन्होंने अपनी सेवानिवृत्ति के दो वर्ष पहले ही स्वैछिक सेवानिवृति लेकर सक्रिय राजनीति में कदम रखते हुए बीजेपी में शामिल हो गए थे। शर्मा को बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में विधान परिषद सदस्य बनाया था।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

बीते कई दिनों से यूपी की राजनीति में चर्चा के केंद्र में रहे प्रधानमंत्री मोदी के करीबी पूर्व आईएएस अधिकारी और बीजेपी एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा को आज पार्टी ने यूपी बेजीपी का उपाध्यक्ष बना दिया है। माना जा रहा है कि एके शर्मा की यह नियुक्ति चुनाव से पहले सीएम योगी के सारे डैमेज को कंट्रोल करने की कवायद है।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए एक प्रदेश उपाध्यक्ष और दो प्रदेश मंत्री घोषित किए। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के खास एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा को प्रदेश का उपाध्यक्ष बनाया गया है। शर्मा को संगठन और सरकार में जगह देने के लिए पिछले कुछ समय से अटकलों का बाजार गर्म था।

मऊ निवासी अरविंद कुमार शर्मा गुजरात कैडर के आईएएस अफसर रहे हैं। उन्होंने अपनी सेवा के दो वर्ष बाकी रहने से पहले ही स्वैछिक सेवानिवृति ले ली और सक्रिय राजनीति में उतरने के साथ बीजेपी में शामिल हो गए। अरविंद कुमार शर्मा को बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में विधान परिषद सदस्य बनाया था। शर्मा को अब बीजेपी के उत्तर प्रदेश संगठन में शामिल करते हुए पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। हालांकि, पिछले लंबे समय से शर्मा को प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री बनाने की चर्चा जोरों पर थी।

वहीं, लखनऊ की अर्चना मिश्रा और बुलंदशहर के अमित वाल्मीकि को भाजपा उत्तर प्रदेश का मंत्री नियुक्त किया गया है। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज पार्टी के विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा भी की। प्रांशुदत्त द्विवेदी (फरूर्खाबाद) को युवा मोर्चा, गीता शाक्य राज्यसभा सांसद (औरैया) को महिला मोर्चा, कामेश्वर सिंह (गोरखपुर) को किसान मोर्चा, नरेन्द्र कश्यप, पूर्व सांसद (गाजियाबाद) को पिछड़ा वर्ग मोर्चा, कौशल किशोर, सांसद को अनुसूचित जाति मोर्चा, संजय गोण्ड (गोरखपुर) को अनुसूचित जनजाति मोर्चा और कुंवर बासित अली (मेरठ) को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined