
कांग्रेस ने मेरठ की एक दलित छात्रा की कथित हत्या को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि इस घटना ने बीजेपी की ‘डबल इंजन’ सरकार का महिला एवं दलित विरोधी चेहरा एक बार फिर बेनकाब कर दिया है।
कांग्रेस ने कहा कि बीजेपी का जंगलराज मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम की नृशंस हत्या ने एक बार फिर BJP सरकार के दलित और महिला विरोधी चेहरे का पर्दाफाश कर दिया है। एक तरफ दलित बेटी की हत्या हो गई, परिवार उजड़ गया और दूसरी तरफ तानाशाह सरकार न्याय मांगने वालों को ही रौंद रही है।
कांग्रेस ने आगे कहा कि वंचितों और पीड़ितों के खिलाफ जाकर आरोपियों को संरक्षण देना बीजेपी सरकार का पुराना पैटर्न है, जो हाथरस से लेकर उन्नाव तक पूरे देश ने देखा है। ऐसे में जब कांग्रेस के नेता पीड़ित परिवारों की आवाज बनने के लिए जाते हैं, तो उन्हें रोका जाता है- नजरबंद और गिरफ्तार कर लिया जाता है। ऐसी घटनाएं सभ्य समाज पर कलंक हैं, जिसके पीछे BJP-RSS की नफरती और घटिया सोच जिम्मेदार है। पीड़ित परिवार को हर कीमत पर न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
इस पूरी घेराबंदी की स्क्रिप्ट के पीछे है, ललिता गौतम हत्याकांड। 20 साल की बीए की छात्रा ललिता गौतम, जिसकी निर्मम हत्या कर दी गई। परिवार का आरोप है कि उसकी बेटी का अपहरण हुआ और फिर उसकी जान ले ली गई। कानून-व्यवस्था का दम भरने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस ने मुख्य आरोपी को तो पकड़ा, लेकिन परिवार का आरोप है कि असली मास्टरमाइंड और साक्ष्य मिटाने वाले रसूखदार चेहरे अब भी पुलिस की मेहरबानी के साए में खुले घूम रहे हैं।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरठ की दलित छात्रा ललिता गौतम की निर्मम हत्या ने बीजेपी की डबल इंजन सरकार का महिला एवं दलित विरोधी चेहरा एक बार फिर बेनक़ाब कर दिया है। पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है, लेकिन सरकार उसकी आवाज सुनने के बजाय न्याय की माँग करने वालों को ही कुचलने में लगी है।"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए