अक्टूबर के आखिरी दिनों में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली की यमुना नदी में नहाते, डुबकी लगाते एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला। संदेश यह कि देखो, यमुना एकदम साफ है। उसके कुछ ही दिनों बाद 10 नवंबर को 'नमो यमुना रिवर सफारी' नाम से दिल्ली में यमुना नदी पर पहली क्रूज सेवा की शुरुआत की गई। इसके वीडियो देखने पर भी भ्रम होगा। इसलिए सरकारी दावों का खेल समझना जरूरी है।
मनोज तिवारी जहां पर नहाते दिखे हैं या यह क्रूज जहां चल रही है, वह इलाका देखने की जरूरत है। यह क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब पांच किलोमीटर के रास्ते में चल रही। यह इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड है, एक फेरे में अधिकतम तीस यात्री बैठ सकते हैं। 10 नवंबर को यह सेवा शुरू हुई है। तब के वीडियो में नारे लगाने और यात्रा करने वाले लोग दिख रहे हैं।
दो दिन बाद 12 नवंबर को यह लेखक गया, तो बमुश्किल दस लोग थे। इसमें दो एसी (एयर कंडीशन) लगे हैं और चार पंखे भी। बोट के पास पहुंचने पर सरकारी लोग साथ होते हैं जो तत्काल भीतर ले जाते हैं। इस क्रूज को चलाने का ठेका एमजी स्काइ एडवेंचर नामक कंपनी को दिया गया है। यह अंबाला की फर्म है जो मार्च 2021 में शुरू हुई थी। यह 20 करोड़ की परियोजना है जिसका अनुबंध मार्च 2025 में हुआ था लेकिन क्रियान्वयन में डेढ़ साल से अधिक लग गए।
दिल्ली में यमुना कोई 52 किलोमीटर का सफर करती है। सराय काले खान तक आने में उसका आधा सफर हो जाता है और इसमें ही अधिकांश नाले, औद्योगिक कचरा आदि मिलता है। आईटीओ पुल पर पहुंचते ही यह मृतप्राय हो जाती है। इसमें घुलित ऑक्सीजन की मात्रा नहीं मिलती, यानी ऑक्सीजन शून्य है।
क्रूज जिस जगतपुर से सोनिया विहार के बीच चल रहा, वह वजीराबाद बैराज से ऊपर पड़ता है, यानी शहर के बड़े नालों के गिरने से पहले का हिस्सा। इसलिए यहां पानी दिल्ली की बाकी यमुना के मुकाबले साफ है। इस खंड में घुलित ऑक्सीजन आम तौर पर छह से साढ़े आठ मिलीग्राम प्रति लीटर रहती है और बीओडी (बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड) दो से चार एमजी/लीटर के बीच है। यानी सरकार ने नदी का वही छोटा टुकड़ा चुना है जो पहले से थोड़ा-बहुत साफ है।
इससे आगे बैराज के पास से हालत उलट जाती है क्योंकि नजफगढ़ और शाहदरा जैसे बड़े नाले बैराज के नीचे ही नदी में गिरते हैं। यहां ऑक्सीजन शून्य के करीब पहुंच जाती है और बीओडी पैंतीस से अस्सी के पार चला जाता है। मतलब कि असली काम, यानी नालों को रोकना, सीवेज शोधन संयंत्रों को ठीक से चलाना और औद्योगिक कचरे को नदी में जाने से रोकना, वहीं का वहीं है।
दिल्ली में यमुना की पहचान आईटीओ और ओखला के पास झाग की तैरती मोटी परत से है। छठ के अवसर पर ऐसे ही पानी में उतरते लोगों की तस्वीरें अखबारों में छपती रही हैं। इस हालात को सुधारने की जगह सरकार नदी के दूसरे हिस्से में सैर का न्योता दे रही है। यह वैसा ही है जैसे घर में आग लगी हो और मालिक बैठक की सजावट बदलने में लगा हो।
मई में कैसे चलेगी क्रूज़!
जिस हिस्से में अभी क्रूज चलना शुरू हुआ है, इसी साल मई में कई जगह नदी की तलहटी दिख रही थी और केवल दो-तीन फुट गहरे गड्ढे बचे थे। इसी वजह से यही सेवा पहले फरवरी, फिर मई और बाद में अक्तूबर तक टाल दी गई। मानसून के बाद नदी भरी तो सेवा शुरू कर दी गई, यानी जिस नाव को साल भर चलना है, वह नदी के मौसम की मोहताज है। सरकार ने खुद भी बताया है कि मोटर नाव के लिए तीन से नौ फुट पानी चाहिए और दिल्ली जल बोर्ड इस खंड में उपयुक्त जलस्तर बनाए रखेगा। सवाल यह है कि नदी का पानी अब नाव की गहराई के हिसाब से रोका और छोड़ा जाएगा, तो यमुना के बहाव और पेयजल की प्राथमिकता का क्या होगा?
क्रूज़ के रास्ते में दिखेगा क्या?
जो पर्यटक पहले दो दिनों में सवार हुए, उन्होंने भी बताया कि दोनों किनारों पर देखने लायक कुछ नहीं मिलता- किनारे कहीं-कहीं लोग खड़े होकर हाथ हिलाते हैं और नाव में बैठे लोग जवाब देते हैं। कुछ देर यह अच्छा लगता है, पर सफर का आकर्षण नहीं बनता। दूसरे किनारे पर कुछ पक्षी जरूर दिखते हैं, लेकिन उन्हें देखने के लिए पांच सौ रुपये का टिकट नहीं चाहिए। जो थोड़ा बहुत देखने लायक है, वह नदी और खादर का अपना है, किसी सरकारी परियोजना का नहीं।
इस क्रूज की तुलना बनारस और कोलकाता से की जा रही है। बनारस में गंगा की सैर का मतलब है चौरासी घाटों के दर्शन, दशाश्वमेध की आरती और दीपों की कतारें। कोलकाता में हुगली की सैर में हावड़ा ब्रिज, विद्यासागर सेतु, प्रिंसेप घाट और पुराने घाट आते हैं, और लंबे रास्तों पर बेलूर मठ और दक्षिणेश्वर के दर्शन भी होते हैं। वहां नदी शहर के इतिहास और आस्था का हिस्सा है। जगतपुर से सोनिया विहार के बीच न घाट है, न स्मारक, न कोई ऐसा दृश्य जिसके लिए लोग खिंचे चले आएं। साबरमती की तर्ज पर यमुना रिवरफ्रंट की बात हो रही है, पर उस पर काम शुरू होने में अभी वक्त है, यानी पहले नाव उतार दी गई, मंजिल बाद में बनेगी।
किराये का सवाल
किराया पांच सौ रुपये प्रति व्यक्ति है। परिसर में प्रवेश के लिए पचास रुपये का अलग शुल्क है। अगर आप चारपहिया वाहन से गए हों, तो 30 रुपये और देने होंगे, हालांकि इसकी रसीद न मिलने वाली। टिकट खरीद चुके लोग कह रहे हैं कि यह ट्रेन टिकट लेने बाद प्लेटफाॅर्म टिकट अलग से लेने की तरह है। वहां तक पहुंचना भी एक मुद्दा है।
उसी इलाके में कुछ साल पहले सिग्नेचर ब्रिज को बड़ा पर्यटन केन्द्र बनाने की योजना बनी थी। दावा था कि दिल्ली को नई पहचान मिलेगी। आज वही पुल अंधेरे में डूबा रहता है। वहां तक पहुंचना मुश्किल है और भजनपुरा जैसे रास्तों पर हर समय जाम रहता है। जब एक पर्यटन योजना का यह हाल हो चुका है, तो उसी इलाके में दूसरी योजना लाने से पहले यह तो पूछा ही जाना चाहिए कि पहली का क्या हुआ।
सड़क, सार्वजनिक परिवहन, रोशनी, शौचालय, पीने का पानी, सुरक्षा और खान-पान की जगहें जैसी बुनियादी चीजें पहले चाहिए। यमुना में नावें पहले भी चलती रही हैं, पर वजीराबाद के इलाके में पर्यटक कभी नहीं आए, क्योंकि वहां ढांचा ही नहीं है। नाव उतार देने से ढांचा नहीं बन जाता।
पर्यावरण का सवाल
यह वही खादर है जहां कछुए और जलीय जीव मिलते हैं और सर्दियों में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं, यानी शहर की यमुना का यही हिस्सा सबसे संवेदनशील और कीमती है। सरकार कहती है कि नावें इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड हैं, इसलिए पर्यावरण के अनुकूल हैं। धुआं न होना अच्छी बात है, पर दुनिया भर में हुए अध्ययन बताते हैं कि नावों की आवाजाही का असर सीधे नदी के जीवों पर पड़ता है। यमुना पर अलग से कोई अध्ययन अभी सामने नहीं आया है, पर इन शोधों को देखना जरूर चाहिए।
कनाडा में ’एक्वैटिक कंजर्वेशन’ पत्रिका में नॉर्दर्न मैप टर्टल पर मोटरबोट के असर पर छपे एक शोध में बताया गया कि धूप सेंकना कछुओं के लिए शरीर का तापमान और ऊर्जा संभालने का मुख्य तरीका है। शोधकर्ताओं ने पाया कि नाव की आहट से कछुए धूप सेंकना छोड़ देते हैं और ठंडे महीने में इस खलल से उनके मेटाबोलिज्म दर में करीब साढ़े सात प्रतिशत तक की कमी आ जाती है, जिसका असर उनके विकास और प्रजनन पर पड़ सकता है। अमेरिका के पर्ल नदी में लुप्तप्राय रिंग्ड सॉबैक कछुओं पर हुए अध्ययन में भी नावों की संख्या, गति और धूप सेंकने की जगहों की उपलब्धता का असर कछुओं के व्यवहार पर दिखा, और जहां नावें ज्यादा चलती थीं, वहां किशोर और युवा कछुए कम मिले। ओक्लाहोमा में हुए एक अन्य अध्ययन के अनुसार, नावों की आवाजाही बढ़ने के साथ कछुओं के जख्मी होने की दर भी बढ़ती गई। ये अध्ययन इसीलिए देखने चाहिए क्योंकि यमुना के इसी खंड में कछुए मिलते हैं। प्रवासी पक्षियों, देसी पक्षियों और मछलियों पर भी यही बात लागू होती है।
पर्यावरणविदों का यह भी कहना है कि मोटर नावों की हलचल से किनारे कमजोर होंगे और कटाव तेज होगा। सरकारी अधिकारी इसे खारिज करते हैं। बेहतर होता कि इस बहस को अनुमान पर छोड़ने के बजाय नापा जाता, यानी क्रूज से पहले और बाद में किनारे, पानी और पक्षियों की गिनती के आंकड़े सामने रखे जाते।
यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग 110 घोषित किया गया है और जहाजरानी मंत्रालय तथा अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने दिल्ली सरकार के कई विभागों के साथ समझौता किया है, यानी नदी को अब परिवहन और पर्यटन के गलियारे की तरह देखा जा रहा है। नदी को मनोरंजन का गलियारा जबरिया बना देने से उसका असली संकट हल नहीं होता, यह उस पर, बस, परदे की तरह है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए