
आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के बाद चक्रवाती तूफान 'मुरासु' अब दक्षिणी तटीय क्षेत्र में कमजोर पड़ गया है। वहीं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने मंगलवार को कहा कि आंध्र प्रदेश में चक्रवात ‘मुरासु’ के कारण अब तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि चक्रवात ‘मुरासु’ मंगलवार सुबह 5:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया जिसकी वजह से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। आज दोपहर ढाई बजे तक पिछले छह घंटों के दौरान 'मुरासु' सात किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा और उसी क्षेत्र में कमजोर हो गया।उसने कहा, ‘‘दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' कमजोर होकर एक चक्रवाती तूफान में बदल गया।’’
एनडीआरएफ के उपमहानिरीक्षक मोहसिन शाहेदी ने कहा कि बल ने चक्रवात से ‘‘सर्वाधिक प्रभावित’’ तटीय राज्य में 14 टीम तैनात की हैं। शाहेदी ने बताया कि तटीय आंध्र प्रदेश में लगभग 1.75 लाख लोग चक्रवात से प्रभावित हुए हैं और उनकी मदद के लिए एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 10,000 लोगों को 171 राहत केंद्रों में ठहराया गया है। शाहेदी ने बताया कि आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है, हालांकि अभी तक किसी जनहानि की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि चक्रवात से उत्पन्न हालात में राहत और बचाव कार्य के लिए आंध्र प्रदेश सहित पांच राज्यों में एनडीआरएफ की कुल 38 टीम तैनात की गई हैं।
आईएमडी ने कहा कि यह मौसमी प्रणाली बापटला से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में 40 किलोमीटर की दूरी पर, ओंगोल से उत्तर में 60 किलोमीटर की दूरी पर, विजयवाड़ा से दक्षिण-पश्चिम में 80 किलोमीटर की दूरी पर, कावली से उत्तर में 120 किलोमीटर की दूरी पर और मछलीपट्टनम से पश्चिम में 110 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
मौसम विभाग ने बताया, ‘‘इस चक्रवाती तूफान के उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने और आज आधी रात तक गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने (हवा की गति 55-65 किमी प्रति घंटा जो 75 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है) का प्रबल अनुमान है।’’ इस चक्रवाती तूफान के असर से, आज ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, कुछ जगहों पर भारी से भीषण बारिश और कहीं-कहीं बहुत ही भीषण बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने चार नवंबर को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, इससे पहले मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' तट को पार कर गया था। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में बापटला में 22 सेंटीमीटर (सेमी), नरसापुर में 20 सेमी, करमचेडु में 16 सेमी, अड्डंकी में 15 सेमी और भीमवरम में 13 सेमी बारिश हुई।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए