
दिल्ली के द्वारका जिले में उत्तम नगर समेत विभिन्न जगहों पर ईद उल फितर से पहले सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इसके तहत जिले में 100 से अधिक जगहों पर जांच चौकी बनाई है जबकि सुरक्षाकर्मी छतों पर से निगरानी कर रहे हैं। उत्तम नगर में चार मार्च को एक व्यक्ति की हत्या के बाद से सांप्रदायिक तनाव व्याप्त है।
Published: undefined
बृहस्पतिवार को एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ईद के दौरान शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए व्यापक योजना तैयार की है। अधिकारी ने कहा, “पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं और कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
पुलिस ने कहा कि संवेदनशील इलाकों, विशेषकर हस्तसाल गांव और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां हत्या हुई थी।
Published: undefined
पुलिस ने बताया कि पूरे त्योहार के दौरान यह सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवानों को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रमुख स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
चार मार्च को होली के दिन जेजे कॉलोनी इलाके में 26 वर्षीय तरुण के परिवार और पड़ोसियों के बीच हुई झड़प के दौरान तरुण की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, हिंसा उस समय भड़की जब तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी पड़ोसी परिवार की एक महिला पर जा गिरा। बाद में कुछ हिंदू संगठनों ने इस हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया और आरोपियों के परिवार के दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिग पकड़े हैं।
Published: undefined
पुलिस के अनुसार मस्जिदों, ईदगाहों और अन्य धार्मिक स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने की उम्मीद है। पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित तौर पर पैदल और वाहनों से गश्त की जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि जमीनी और डिजिटल दोनों तरीकों से निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार, भड़काऊ या उकसाने वाली पोस्ट पर कार्रवाई के लिए सोशल मीडिया मंचों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसी कई पोस्ट की पहचान करके उन्हें हटाया जा चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि मिश्रित आबादी वाले इलाकों को संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है और उन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने बताया कि जांच चौकियां लगाने के अलावा कुछ इलाकों में छतों पर भी जवान तैनात किए गए हैं ताकि कड़ी निगरानी रखी जा सके और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
विश्वास बहाली के उपायों के तहत संवेदनशील इलाकों में ‘फ्लैग मार्च’ किए गए हैं और निवासियों को आश्वस्त करने के लिए ईद के दौरान कई बार फ्लैग मार्च किया जाएगा। सुरक्षा बढ़ने के बावजूद कुछ लोग अब भी चिंतित हैं।
Published: undefined
उत्तम नगर आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला ने कहा कि इलाके में पर्याप्त बैरिकेडिंग करते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है और यहां पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है। उन्होंने कहा, “अब यह तूफान से पहले की शांति जैसा लग रहा है। हम डरे हुए तो हैं, लेकिन यह कोशिश कर रहे हैं कि सब कुछ सामान्य रहे।”
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined