
दिल्ली के द्वारका में 3 फरवरी को हुई सड़क दुर्घटना ने इन्ना माकन नाम की महिला की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। उनके 23 साल बेटे साहिल धनेश्रा की उस दिन मौत हो गई, जब वह रोज की तरह ऑफिस जा रहा था। मां का कहना है कि यह सिर्फ एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही और गैर-जिम्मेदारी का नतीजा है।
Published: undefined
इन्ना माकन बताती हैं कि 3 फरवरी की सुबह उनका बेटा साहिल ऑफिस के लिए निकला था। द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास उसकी बाइक को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो आगे बढ़कर सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी से भी जा भिड़ी। इस हादसे में साहिल की जान चली गई, जबकि टैक्सी चालक घायल हो गया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना सुबह 11:57 बजे मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
Published: undefined
इन्ना माकन का आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक बहुत तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। उनका कहना है कि गाड़ी उल्टी लेन में थी और बस के सामने स्टंट करने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने बताया कि आरोपी की बहन कार में बैठी थी और वीडियो बना रही थी।
मां के मुताबिक, बस के बाईं ओर एक ई-रिक्शा था, इसलिए साहिल ने दाईं ओर देखने की कोशिश की कि निकलने की जगह है या नहीं। उसी दौरान स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
उनका कहना है, “यह सिर्फ एक्सीडेंट नहीं है। यह एक आपराधिक सोच का नतीजा है।”
Published: undefined
जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो का चालक 17 वर्षीय नाबालिग है और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत दे दी गई।
इन्ना माकन का कहना है कि जिस गाड़ी से टक्कर हुई, उस पर पहले से 13 चालान थे और सभी ओवरस्पीडिंग के थे। उनका सवाल है कि इतने चालान के बाद भी वाहन मालिक ने सख्ती क्यों नहीं दिखाई।
Published: undefined
मां बताती हैं कि उन्होंने साहिल को एक सिंगल मदर के रूप में 23 साल तक पाला-पोसा। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने लिखा कि उनका बेटा 22+ साल का, प्रतिभाशाली और मेहनती युवक था।
उनका कहना है, “मैंने उसे अकेले बड़ा किया। एक लापरवाही ने मेरा सब कुछ छीन लिया।”
Published: undefined
इन्ना माकन ने पुलिस से मुलाकात की है। उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। लेकिन एक मां के तौर पर वह अपने बेटे के लिए न्याय चाहती हैं।
यह हादसा सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा और जिम्मेदारी पर बड़ा सवाल भी है। एक मां की अपील है कि सड़क पर स्टंट और दिखावे की कीमत किसी की जिंदगी न बन जाए।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined