
दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून का इंतजार कर रहे लोगों को अभी कुछ और दिन इंतजार करना पड़ सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, पहले जहां 27 जून तक दिल्ली में मॉनसून के पहुंचने की संभावना जताई गई थी, वहीं अब इसके जुलाई के पहले सप्ताह में राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि इस दौरान प्री-मॉनसून गतिविधियां जारी रहेंगी, जिससे हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
Published: undefined
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कई दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। फिलहाल किसी भी दिन के लिए मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मॉनसून की रफ्तार सामान्य से कुछ धीमी है, जिसकी वजह से राजधानी में इसके आगमन में हल्की देरी हो रही है। हालांकि प्री-मॉनसून गतिविधियों के चलते मौसम में बदलाव बना रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज होगी।
Published: undefined
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 27 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है तथा इस दिन भी बारिश के आसार हैं। 28 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
29 जून को अधिकतम तापमान घटकर 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 30 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है तथा बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं 1 जुलाई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जिसे मानसून के दिल्ली-एनसीआर के और करीब पहुंचने का संकेत माना जा रहा है।
Published: undefined
हालांकि मॉनसून की आधिकारिक एंट्री में कुछ दिनों की देरी हो सकती है, लेकिन प्री-मॉनसून बारिश, बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के कारण अगले कई दिनों तक लोगों को लू और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि लगातार बदलते मौसम के बीच अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी, जिससे राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना हो सकता है।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined