हालात

दिल्ली-NCR में लगातार बारिश से बढ़ीं मुश्किलें, कई इलाकों में जलभराव-ट्रैफिक जाम, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

फोटो: PTI
फोटो: PTI 

दिल्ली-एनसीआर में हो रही बारिश ने एक तरफ लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी है, तो दूसरी तरफ राजधानी के कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित कर दिया है। कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को कार्यालय पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है और कई इलाकों में फिर बारिश की संभावना जताई है।

जलभराव से थमी रफ्तार, कई प्रमुख सड़कें प्रभावित

लगातार बारिश के बाद कनॉट प्लेस, जनपथ, भारत मंडपम रोड, बाराखंबा रोड, आईटीओ, मथुरा रोड, कालिंदी कुंज, लाजपत नगर अंडरपास, कर्तव्य पथ, ग्रेटर कैलाश-2, हौज खास, आरके पुरम, एनएच-8, एम्स, एनएच-48, विकास मार्ग और लोधी रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया। जलभराव की वजह से कई जगह ट्रैफिक धीमा पड़ गया और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह के व्यस्त समय में दफ्तर जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ा।

आज भी बारिश के आसार, 10 अगस्त तक बना रहेगा असर

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। शाम और रात में भी बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है।

आईएमडी का अनुमान है कि 8 से 10 अगस्त तक भी दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। इस दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

बारिश से मौसम सुहाना, लेकिन सतर्क रहने की सलाह

गुरुवार को हुई बारिश के बाद राजधानी का मौसम काफी सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे रहा। इससे लोगों को उमस से राहत मिली।

बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने की अपील की है। साथ ही जलभराव वाले इलाकों से बचने और खराब मौसम के दौरान बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: ईरान को लेकर ट्रंप का चौंकाने वाला दावा, दिल्ली समेत 15 राज्यों में आज बारिश का यलो अलर्ट

  • ,
  • ट्रंप का बड़ा दावा- जल्द खत्म हो सकता है अमेरिका-ईरान युद्ध, समझौते के ड्राफ्ट पर चर्चा तेज

  • ,
  • ट्रंप ने फिर अपनाया कड़ा रुख, अमेरिकी जन्मसिद्ध नागरिकता-बर्थ टूरिज्म पर लगाया प्रतिबंध, दो आदेशों पर किए हस्ताक्षर

  • ,
  • बिहारः बांकीपुर में करारी हार के बाद एक्टिव हुए तेजस्वी, आरजेडी की सभी संगठनात्मक इकाइयां तत्काल प्रभाव से भंग

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी विवाद पर बरसे राहुल गांधी, 'सरकार चाहे जो कर ले, मुझे छात्रों की आवाज उठाने से रोक नहीं सकती'