हालात

दिल्ली: ओखला में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट, एक की मौत, 4 घायल, मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम

दिल्ली फायर सर्विसेज के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:55 बजे कम्युनिटी हॉल के पास सिलेंडर ब्लास्ट की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत चार फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किए।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में बुधवार को ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। यह घटना कम्युनिटी हॉल के पास हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर टीम

दिल्ली फायर सर्विसेज के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:55 बजे कम्युनिटी हॉल के पास सिलेंडर ब्लास्ट की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत चार फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किए। पुलिस और राहत-बचाव टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे में एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को CATS एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

ब्लास्ट की वजह की जांच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट किस वजह से हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित टीमें घटनास्थल से जानकारी जुटा रही हैं और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही ब्लास्ट की असली वजह सामने आ सकेगी।

विवेक विहार में भी हुआ था सिलेंडर हादसा

इससे पहले दिल्ली के विवेक विहार इलाके में भी सिलेंडर ब्लास्ट की एक घटना सामने आई थी। छोटे LPG सिलेंडर में हुए धमाके के कारण दो लोग झुलस गए थे। यह हादसा CBD शाहदरा क्षेत्र में विवेक विहार थाने के पीछे स्थित झुग्गी नंबर 11 में हुआ था।

अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में 35 वर्षीय अनिल दास और उनकी 30 वर्षीय पत्नी खुशबू घायल हुए थे। दोनों को करीब 60 प्रतिशत तक झुलसने की चोटें आई थीं। उन्हें PCR की मदद से राजीव गांधी अस्पताल पहुंचाया गया था। घटना के बाद दमकल विभाग ने मौके पर दो वाटर टेंडर और एक वाटर बाउजर भेजे थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए