हालात

महिला आरक्षण को 33% से बढ़ाकर 50% करने की मांग, तेजस्वी यादव बोले- वंचित वर्गों के लिए तय हो सब-कोटा

तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और लालू प्रसाद यादव की शुरू से मांग रही है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत नहीं, बल्कि 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

महिला आरक्षण को 33% से बढ़ाकर 50% करने की तेजस्वी यादव की मांग

महिला आरक्षण में पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए हो सब-कोटा: तेजस्वी

तेजस्वी यादव का बिहार की एनडीए सरकार पर हमला, कहा- राज्य में अपराधियों का तांडव

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महिला आरक्षण के भीतर अति पिछड़ा, पिछड़ा, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की मांग की है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण 33 प्रतिशत के बजाय 50 प्रतिशत होना चाहिए और इसके भीतर सभी वंचित वर्गों की महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और लालू प्रसाद यादव की शुरू से मांग रही है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत नहीं, बल्कि 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के भीतर अति पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं के लिए भी आरक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से इस दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया।

बिहार की एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव समाप्त होने और नई सरकार बनने के बाद राज्य में कोई उल्लेखनीय काम नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में भ्रष्टाचारियों का बोलबाला और अपराधियों का तांडव देखने को मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देने के बजाय शब्दों के अंतर में उलझी हुई है।

उन्होंने राज्य में गरीबी, भुखमरी और पलायन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बिहार की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए किसी शादी-ब्याह में लोगों की हालत देखी जा सकती है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि ऐसा कौन सा काम हुआ है, जिसकी अपनी कोई योजना या उपलब्धि हो। तेजस्वी ने चुनाव के दौरान 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अब सरकार लोगों से सब्सिडी वापस करने की बात कर रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में वादे किए गए लेकिन सत्ता में आने के बाद उन पर सवाल उठ रहे हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में एनडीए का शासन 20 साल से अधिक समय से है और केंद्र में भी इसी गठबंधन की सरकार है। इसके बावजूद बिहार शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में देश में अग्रणी नहीं बन पाया है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार गरीबी, पलायन, भुखमरी, भ्रष्टाचार और अपराध के मामलों में आगे है। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से जिला अधिकारियों के साथ की जा रही बैठकों पर भी तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अधिकारियों पर अपराध, सांप्रदायिकता और भ्रष्टाचार के मामलों में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर एक हत्या के मामले में आरोपी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में तबादलों और नियुक्तियों का बड़ा सिलसिला चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि वरिष्ठ अधिकारी भी उन्हें इन बैठकों की जानकारी देते रहते हैं। उनके मुताबिक, बैठकों का वास्तविक उद्देश्य अधिकारियों पर दबाव बनाना है, जबकि मीडिया के सामने दिए जा रहे बयान केवल जनता को दिखाने के लिए हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए