
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन जी का राज्यसभा नामांकन रद्द होना गैरकानूनी और लोकतंत्र के खिलाफ है। ऐसा होना नरेंद्र मोदी के इशारे के बिना संभव नहीं है। नरेंद्र मोदी कांग्रेस और लोकतंत्र को खत्म करने के लिए ऐसी साजिशें करवा रहे हैं। हम चाहते हैं कि सरकार लोकतंत्र के खिलाफ काम न करे, लेकिन मोदी सरकार RSS के एजेंट्स को बड़े पदों पर बैठाकर मनमानी करवा रही है, नियमों की धज्जियां उड़ा रही है। ऐसा ही कुछ झारखंड में भी किया गया। BJP समर्थित कैंडिडेट परिमल नाथवानी को पूरा समय देकर फॉर्म की गलतियां सही करवाई गईं, लेकिन कांग्रेस के कैंडिडेट के नामांकन को तुरंत निरस्त कर दिया गया। साफ है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष काम नहीं कर रहा है।
Published: undefined
कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर बीजेपी और निर्वाचन आयोग ने ‘सीट चोरी’ का नया उदाहरण पेश किया है और दोनों की इस मामले में ‘मिलीभगत’ है। पार्टी ने दावा किया कि नामांकन रद्द करने का फैसला ‘‘दोषपूर्ण और तर्कहीन’’ आधार पर लिया गया है।
दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि उन्होंने फॉर्म-26 पूरी तरह भरा था और उसमें निजी शिकायतों का उल्लेख करने के लिए कोई ‘कॉलम’ ही नहीं था। उन्होंने कहा, ‘‘यदि ऐसा कोई कॉलम होता तो मैं उसकी जानकारी जरूर देती।’’
Published: undefined
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भारतीय राजनीति में यह पहला अवसर है जब किसी राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन खारिज किया गया है और यह राष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जो उत्साह और एकजुटता दिखाई, उससे नरेन्द्र मोदी और मध्य प्रदेश का पूरा बीजेपी नेतृत्व घबरा गया।’’
पटवारी ने आरोप लगाया कि इसी कारण बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव में वही हथकंडा अपनाया, जो आमतौर पर ‘सरपंच’ या ‘जनपद’ जैसे छोटे स्थानीय चुनावों में देखने को मिलता है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined