हालात

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों के संघर्ष की जीत, बीजेपी के अहंकार का अंत शुरू: जीतू पटवारी

पटवारी ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और कांग्रेस तब तक संघर्ष जारी रखेगी, जब तक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं हो जाती, पेपर लीक माफिया और उनके राजनीतिक संरक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और प्रभावित छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता।

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों के संघर्ष की जीत, बीजेपी के अहंकार का अंत शुरू: जीतू पटवारी
धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों के संघर्ष की जीत, बीजेपी के अहंकार का अंत शुरू: जीतू पटवारी फोटोः @jitupatwari

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को करोड़ों छात्रों, अभिभावकों और युवाओं के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत बताते हुए शनिवार को कहा कि यह बीजेपी सरकार के अहंकार के अंत की शुरुआत है। प्रधान ने परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं और नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर देशभर में छात्रों के विरोध-प्रदर्शनों के बीच शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक बयान में दावा किया कि बीजेपी सरकार का ‘‘हठ, अहंकार और तानाशाही रवैया’’ आखिरकार जनता के दबाव के आगे झुक गया। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी शासन के दौरान 21 छात्रों की मौत हुई, 152 से अधिक परीक्षा प्रश्नपत्र लीक हुए, 7.5 करोड़ छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए तथा 50 से अधिक परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं।

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल ने बार-बार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने कुछ वर्ष पहले हुए किसान आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह उस आंदोलन के दौरान नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को अपने कदम पीछे खींचने पड़े थे, उसी तरह अब वह छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष और जनाक्रोश के आगे झुक गई है।

इसे भी पढ़ेंः छात्रों से बर्बरता के लिए अमित शाह जिम्मेदार, पीएम मोदी को माफी मांगनी होगी, संसद में उठेगा मुद्दाः राहुल गांधी

पटवारी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद से लेकर सड़क तक छात्रों के मुद्दे लगातार उठाए और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा क्षेत्र में प्रश्नपत्र लीक और भ्रष्टाचार के कई मामलों के तार बीजेपी और उससे जुड़े लोगों से जुड़े हैं तथा सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देती रही है।

इसे भी पढ़ेंः मोदी सरकार ने प्रदर्शनकारियों की तीनों मांगें मानी, कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन खत्म करने का ऐलान

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधान का इस्तीफा ‘‘सिर्फ शुरुआत’’ है और कांग्रेस तब तक अपना संघर्ष जारी रखेगी, जब तक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं हो जाती, प्रश्नपत्र लीक माफिया और उनके कथित राजनीतिक संरक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और प्रभावित छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा, ‘‘देश का युवा अब पूरी तरह जाग चुका है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।’’

इसे भी पढ़ेंः खड़गे ने प्रधान के इस्तीफे को बताया युवाओं के आगे मोदी के हठ की हार, प्रियंका ने छात्रों को किया सलाम