
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी और समाजवादी पार्टी के दिवंगत मुखिया मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव ने सोमवार को लोकसभा में सांसद पद की शपथ ली। आपको बता दें, डिंपल ने पिछले हफ्ते मैनपुरी से बीजेपी के रघुराज सिंह शाक्य को 2.8 लाख से ज्यादा वोटों से हराकर उपचुनाव जीता था।
लोकसभा सांसद के रूप में यह उनका तीसरा कार्यकाल होगा। वह कन्नौज से दो बार निचले सदन की सदस्य रह चुकी हैं। 10 अक्टूबर को मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उपचुनाव जरूरी हो गया था। डिंपल जब सुबह शपथ लेने पहुंचीं तो उनके साथ उनके पति अखिलेश यादव भी थे। आपको बता दें, सदन की शपथ लेने के बाद डिंपल ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल ने बीजेपी के रघुराज शाक्य को 2,88,461 वोटों से हराया था। अपनी जीत के बाद डिम्पल ने कहा था, 'मैनपुरी की जनता और उन तमाम लोगों का शुक्रिया, जिन्होंने हमें समर्थन दिया है. मैनपुरी की जनता ने इतिहास रचा है। यह जीत नेताजी की जीत है और हमारी यह जीत नेताजी को श्रद्धांजलि के तौर पर उन्हें समर्पित है।
मैनपुरी उपचुनाव में सबसे अहम बात यह रही थी कि शिवपाल यादव के इलाके जसवंत नगर विधानसभा में डिम्पल यादव को बड़ी बढ़त मिली थी। यहां डिम्पल को सबसे ज्यादा वोट मिले थे। मैनपुरी में 54.37 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2019 में हुए आम चुनाव में मतदान का यह प्रतिशत 57.37 प्रतिशत था।
सपा प्रत्याशी डिंपल यादव कुल 6,17,625 वोट मिले थे, जबकि बीजेपी के रघुराज शाक्य को 3,29,489 वोट मिले थे। रघुराज सिंह शाक्य जसवंतनगर विधानसभा के अपने बूथ धौलपुर में ही 187 वोटों से हारे गए थे।गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव 2019 के लोकसभा चुनाव में यादव परिवार से एक मात्र सांसद चुने गए थे, हाल ही में 10 अक्टूबर को उनका गुरुग्राम के मेदांता में निधन हो गया था, जिसके बाद मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव कराए गए।
(IANS के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए