
21 मई को प्रवर्तन निदेशालय ने पीएनबी घोटाले में फरार हीरा कारोबारी नीरव मोदी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 171.26 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की है। ईडी ने मनी लांड्रिंग रोधी कानून के तहत नीरव मोदी और उससे संबंधित कंपनियों के कई बैंक खाते, अचल संपत्ति, शेयरों में निवेश आदि को जब्त कर लिया।
इस साल मार्च तक ईडी ने नीरव मोदी समेत सभी आरोपियों की 7600 करोड़ रुपए की संपत्ति को जब्त किया है। एजेंसी ने पिछले हफ्ते नीरव मोदी के मामा और आभूषण कारोबारी मेहुल चोकसी के स्वामित्व वाले गीतांजलि ग्रुप की 85 करोड़ रुपये कीमत के 34,000 आभूषण जब्त किए थे। इस मामले में चोकसी भी वांछित है।
ईडी देश के दूसरे सबसे बड़े उधार देने वाले बैंक पीएनबी के साथ कथित रूप से दो अरब डॉलर या 13,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के लिए नीरव मोदी और चोकसी की जांच कर रही है। एजेंसी ने हाल ही में मामले में नीरव मोदी के परिवार के 4 लोगों और अमेरिका में रहने वाले उसके व्यापारिक भागीदार मिहिर भंसाली को तलब किया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 22 May 2018, 10:58 AM IST