
दिल्ली में चल रहे ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स के शामिल होने को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। समिट’ की वेबसाइट पर वक्ताओं की सूची में पहले से शामिल गेट्स का नाम हटा दिया गया है, जबकि गेट्स फाउंडेशन का कहना है कि वह इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस बीच सरकारी सूत्रों ने भी गेट्स के सम्मेलन में भाग नहीं लेने की जानकारी दी है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ का 16 से 20 फरवरी तक आयोजन किया जा रहा है। ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ की आधिकारिक वेबसाइट पर वक्ताओं की सूची में बिल गेट्स का नाम पहले शामिल था। इस सूची में प्रौद्योगिकी और उद्योग जगत के कई दिग्गज, नीति-निर्माता, संस्थापक और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ के नाम शामिल हैं। हालांकि, मंगलवार को सम्मेलन की वेबसाइट से गेट्स का नाम अचानक गायब हो गया।
Published: undefined
इस बीच इस पर चर्चा बढ़ने पर सरकारी सूत्रों ने बताया कि गेट्स एआई सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे। वहीं गेट्स फाउंडेशन को इस संबंध में ‘पीटीआई’ द्वारा भेजे गए ई-मेल के जवाब में उसके प्रवक्ता ने कहा, ‘‘बिल गेट्स एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे। वह सम्मेलन को उनके लिए निर्धारित समय पर संबोधित करेंगे।’’ हालांकि, सरकार की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है। सूची के अनुसार, बिल गेट्स को 19 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजकर 50 मिनट पर एआई इम्पैक्ट समिट को संबोधित करना था। हालांकि, अब उनका नाम सूची में नहीं है।
सूत्रों का कहना है कि यह फैसला अरबपति कारोबारी और यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन से जुड़े नए दस्तावेजों में गेट्स का नाम सामने आने के कारण लिया गया है। हालांकि, एप्सटीन के किसी भी पीड़ित ने गेट्स पर कोई गलत काम करने का आरोप नहीं लगाया है, लेकिन अमेरिका के न्याय मंत्रालय द्वारा जारी दस्तावेजों में एप्सटीन का यह दावा शामिल है कि बिल गेट्स को एक यौन संचारित बीमारी हुई थी। गेट्स के प्रवक्ता ने इस दावे को ‘‘पूरी तरह बेतुका’’ बताया है।
Published: undefined
इससे पहले अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी एनवीडिया ने पिछले सप्ताह के अंत में कहा था कि उसके मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग भारत में एआई सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। हुआंग सम्मेलन के बड़े आकर्षण में से एक माने जा रहे थे। कंपनी ने हालांकि इसके पीछे की वजह नहीं बताई लेकिन कुछ लोगों ने इस फैसले को सम्मेलन में गेट्स की मौजूदगी से जोड़कर देखा था।
‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में जेन्सेन हुआंग जैसे प्रौद्योगिकी जगत के कुछ दिग्गजों के शामिल न होने के सवाल पर सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में शामिल होना या न होना किसी की व्यक्तिगत पसंद का विषय है। वैष्णव ने बताया कि एनवीडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी जेन्सेन हुआंग ने कुछ बेहद जरूरी काम के कारण अपने न आने की जानकारी दी थी और कंपनी की ओर से एक वरिष्ठ अधिकारी को भेजा गया है।
Published: undefined
कुछ बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों के प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा, ‘‘ कुछ लोगों का न आना पूरी तरह व्यक्तिगत निर्णय है। मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। जेन्सेन हुआंग ने स्वयं संपर्क किया और बताया कि वह बेहद जरूरी काम के कारण नहीं आ पा रहे हैं… इसलिए उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारी को हमारे साथ जुड़ने के लिए भेजा है।’’
बता दें कि बिल गेट्स सोमवार को भारत पहुंचे थे। अपनी यात्रा के दौरान उनका पहला पड़ाव विजयवाड़ा था, जहां उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री के पवन कल्याण और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। विजयवाड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नारा लोकेश सहित राज्य के वरिष्ठ मंत्रियों ने सोमवार को गेट्स का स्वागत किया था। इसी दौरे पर गेट्स को दिल्ली में आएई समिट में शामिल होना था, जिसे लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।
(पीटीआई के इनपुट के साथ)
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined