
जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का निधन हो गया है। उनकी बेटी ने ट्वीटर पर इस खबर की पुष्टि की है। बिहार और देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले शरद यादव ने 75 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वरिष्ठ राजनेता शरद यादव समाजवादी धारा के एक मजबूत स्तंभ माने जाते थे।
शरद यादव के निधन पर तेजस्वी यादव ने गहरा दुख प्रकट किया है उन्होंने लिखा, "मंडल मसीहा, राजद के वरिष्ठ नेता, महान समाजवादी नेता मेरे अभिभावक आदरणीय शरद यादव जी के असामयिक निधन की खबर से मर्माहत हूँ। कुछ कह पाने में असमर्थ हूँ। माता जी और भाई शांतनु से वार्ता हुई। दुःख की इस घड़ी में संपूर्ण समाजवादी परिवार परिजनों के साथ है।"
शरद यादव का जन्म 1 जुलाई 1947 को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के बंदाई गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। शरद यादव पढ़ने लिखने में काफी तेज थे। आगे चलकर छात्र राजनीति से उभरे शरद यादव ने राष्ट्रीय राजनीति में पहचान बनाई। उन्होंने बिहार की राजनीति में भी बड़ा मुकाम हासिल किया। शरद यादव एक समय बिहार की राजनीति के केंद्र में रहे थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए