
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज 5 बजे मतदान समाप्त हो गया। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 5 बजे तक दूसरे चरण में करीब 58.68 फीसद वोटिंग हुई है।
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सोमवार को मतदान जारी है, जिसमें अपराह्न तीन बजे तक 50.51 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। गुजरात के 14 जिलों की 93 विधानसभा सीटों के लिए दूसरे चरण में मतदान हो रहा है। नए आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक मतदान साबरकांठा (57.23 प्रतिशत) और सबसे कम अहमदाबाद (44.67 प्रतिशत) से दर्ज किया गया था।
अहमदाबाद- 30.82 फीसदी
आणंद- 37.06 फीसदी
अरवल्ली - 37.12 फीसदी
बनासकांठा- 37.48 फीसदी
छोटाउदयपुर- 38.18 फीसदी
दाहोद- 34.46 फीसदी
गांधीनगर- 36.49 फीसदी
खेड़ा- 36.03 फीदसी
मेहसाणा- 35.35 फीसदी
महीसागर- 29.72 फीसदी
पंचमहल- 37.09 फीसदी
पाटन- 34.74 फीसदी
साबरकांठा- 39.73 फीसदी
वडोदरा- 34.07 फीसदी
पुलिस ने गुजरात के आणंद में अंकलाव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले केशवपुरा मतदान केंद्र पर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है, जहां मतदान के दौरान बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़ हो गई।
AAP के गुजरात के CM पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी ने वोट डालने के बाद कहा, “मेरी लोगों से अपील है कि भारी संख्या में घरों से निकल कर मतदान करें। लोकतंत्र के लिए मतदान करना बेहद ज़रूरी है। मुझे उम्मीद है कि AAP पहले चरण की 89 सीटों में 51 से ज़्यादा और दूसरे चरण के मतदान में 52 से ज़्यादा सीटें जीतेगी।”
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “युवाओं, किसानों, महिलाओं और हर नागरिक को दिया हुआ वचन हम निभाएंगे, गुजरात में परिवर्तन लाएंगे। गुजरात की जनता से अपील है, भारी संख्या में मतदान करें। अपने अधिकार का वहन कर, प्रदेश की प्रगति और उन्नति के लिए यह महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी निभाएं।”
यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अहमदाबाद के शिलाज अनुपम स्कूल में मतदान किया। उन्होंने कहा,"मतदान करना हमारा अधिकार है इसलिए सभी मतदाताओं को मतदान जरूर करना चाहिए। हमें ये अधिकार प्राप्त हुआ है तो हमें इस अधिकार का उपयोग कर भारत को अव्वल नंबर पर पहुंचाना चाहिए।"
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला ने कहा कि दूसरे चरण में ओबीसी बहुल विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। मुझे लगता है कि मध्य गुजरात, उत्तर गुजरात और यह पूरा क्षेत्र कांग्रेस को वोट देगा। मैं 27 साल के बीजेपी शासन में बदलाव देखता हूं।
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने अहमदाबाद में मतदान किया। उन्होंने कहा, "हर व्यक्ति को वोट डालना चाहिए और आज मैं सभी से यही अपील करूंगा कि वो ज्यादा से ज्यादा वोट करें और लोकतंत्र को मजबूत करें।"
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा, “आज गुजरात में लोकशाही पर्व मनाया जा रहा है, आज गुजरात में दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। जनता शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने में हिस्सा लेगी और भारी मतदान करेगी।”
गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के लिए दूसरे चरण में मतदान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोकतंत्र का यह उत्सव है इसे मतदाताओं ने उमंग के साथ मनाया। मैं इसके लिए अभिनंदन करता हूं। मैं चुनाव आयोग को भी बधाई देता हूं।
कांग्रेस प्रत्याशी भरत सिंह सोलंकी ने बोटाड में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, "प्रथम चरण में कांग्रेस को जबरदस्त समर्थन मिला था और आज भी हर बूथ पर मतदाताओं की भीड़ है, कांग्रेस को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है आने वाले 8 तारीख को कांग्रेस को भारी बहुमत मिलेगा।"
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। 93 सीटों पर सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है और शाम 5 बजे तक चलेगी।
दूसरे चरण में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल, जगदीश विश्वकर्मा, मनीषा वकील, अर्जुन चौहाण सहित आठ मंत्रियों की किस्मत दांव पर होगी। घाटलोडिया से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, वीरमगाम से हार्दिक पटेल, दक्षिण गांधीनगर से अल्पेश ठाकोर और वडगाम से जिग्नेश मेवाणी चुनाव मैदान में हैं। इस चरण में अहमदाबाद, घाटलोडिया, नरोडा, वटवा, विसनगर, थराद, मेहसाणा, विरमगाम, गांधीनगर (दक्षिण), खेडब्रह्मा, मांजलपुर, वाघोडिया, खेरालु, दस्कोई, छोटा उदेपुर, संखेडा आदि सीटें महत्पूर्ण हैं।
दूसरे चरण में सुरक्षा के काफी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राज्य की पुलिस उपायुक्त कोमल व्यास ने बताया कि चुनाव के लिए केंद्रीय बलों की 112 कंपनियों के साथ 6,000 होमगार्ड और 10,000 राज्य पुलिस बल के कर्मी तैनात किए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर रूट मार्च, फ्लैग मार्च किया जा रहा है और संदिग्ध वाहनों की भी जांच की जा रही है। कोमल व्यास ने कहा कि निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस मुस्तैदी के साथ तैनात की गई है। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज मतदान है। 93 सीटों पर मतदान होगा। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। मतदान की तैयारी पूरी कर ली गई है। कुल 833 उम्मीदवार मैदान में हैं। 2.51 करोड़ मतदाता इनकी किस्मत का फैसला करेंगे। इससे पहले राज्य में 1 दिसंबर को पहले चरण का मतदा हुआ था। 19 जिलों की 89 सीटों पर 63.31 प्रतिशत मतदान हुआ था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 05 Dec 2022, 7:23 AM IST