हालात

झारखंड की कमान एक बार फिर हेमंत सोरेन के हाथ, इंडिया गठबंधन के नेताओं की मौजूदगी में ली सीएम पद की शपथ

मोरहाबादी मैदान में सजे मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, पंजाब के सीएम भगवंत मान, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत इंडिया गठबंधन के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

झारखंड की कमान एक बार फिर हेमंत सोरेन के हाथ, इंडिया गठबंधन के नेताओं की मौजूदगी में ली सीएम पद की शपथ
झारखंड की कमान एक बार फिर हेमंत सोरेन के हाथ, इंडिया गठबंधन के नेताओं की मौजूदगी में ली सीएम पद की शपथ फोटोः सोशल मीडिया

झारखंड की कमान एक बार फिर जेएमएम नेता हेमंत सोरेन के हाथ में आ गई है। गुरुवार शाम को राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान जहां मंच पर इंडिया गठबंधन के तमाम दिग्गज मौजूद रहे, वहीं मैदान में हजारों लोगों की भीड़ शपथ समारोह की गवाह बनी।

मोरहाबादी मैदान में सजे मंच पर हेमंत सोरेन के पिता और पूर्व सीएम शिबू सोरेन और मां रूपी सोरेन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, पंजाब के सीएम भगवंत मान, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, दीपंकर भट्टाचार्य समेत इंडिया गठबंधन के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

Published: 28 Nov 2024, 5:02 PM IST

शपथ ग्रहण से पहले हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के सामाजिक न्याय, एकता और संघर्ष के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने एक्स पर लिखा, "आज का दिन ऐतिहासिक होगा - एक ऐसा दिन जो हमारे सामूहिक संघर्ष, प्रेम-भाईचारे की भावना और न्याय के प्रति हम झारखंडियों के प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। झारखंड की महान धरा ने हमेशा से विरोध और संघर्ष को जन्म दिया है और झामुमो - भगवान बिरसा, भगवान सिदो-कान्हू, अमर शहीद तेलंगा खड़िया, फूलो-झानो, पोटो हो, शेख भिखारी समेत अनगिनत वीरों के संघर्षों से भरी उसी विरासत को समेटे हर दिन आगे बढ़ रहा है।"

Published: 28 Nov 2024, 5:02 PM IST

उन्होंने कहा कि आज का दिन राजनीतिक जीत के बारे में नहीं, सामाजिक न्याय के प्रति संघर्ष, सामाजिक एकता को प्रखर करने की हर रोज़ लड़ी जानी वाली लड़ाई को दोहराने का दिन है।आज का यह दिन यह भी बताता है कि लोकतंत्र पर बढ़ते दबाव के बीच झारखंड की महान जनता एक साथ खड़ी है। आज हर गांव, हर शहर में एक आवाज़ गूंज रहा है- अधिकार, समानता, एकता मतलब झारखंडियत की आवाज। इसमें कोई संदेह न रखें- हमारी एकता ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। हमें न विभाजित किया जा सकता है, न ही शांत किया जा सकता है। जब जब वे हमें पीछे धकेलते हैं, हम आगे बढ़ते हैं। जब जब वे हमें शांत करना चाहते हैं, हमारी हूल, उलगुलान, क्रांति की आवाज और प्रखर होती जाती है क्यूंकि हम झारखंडी हैं, और झारखंडी झुकते नहीं है।

Published: 28 Nov 2024, 5:02 PM IST

हेमंत सोरेन ने आगे कहा, "आज जब सामाजिक संरचना में गहरी दरारें पैदा हो रही हैं, तब हमें अपने पूर्वजों की उस एकता और हर झारखंडी को साथ लेकर चलने के संकल्प को पुनः दोहराना होगा।" उन्होंने राज्य के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि "हमारी लड़ाई अटल है, अविराम है। संघर्ष जारी है और आखिरी सांस तक रहेगा।"

झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए दो चरणों में हुए चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए गए थे। इसमें हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी गठबंधन को 56 सीटें हासिल हुई हैं। जेएमएम को 34, कांग्रेस को 16, आरजेडी को चार और भाकपा माले को दो सीटों पर जीत मिली है। वहीं बीजेपी गठबंधन को केवल 24 सीटें मिली हैं।

Published: 28 Nov 2024, 5:02 PM IST

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: 28 Nov 2024, 5:02 PM IST