हालात

मौसम अपडेट: यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, राजस्थान में लू का खतरा, जानें कहां तक पहुंचा मॉनसून

मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, महाराष्ट्र समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

देश में भीषण गर्मी के बीच कई हिस्सों में मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 12 घंटों के भीतर उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु समेत 17 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, कुछ इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

Published: undefined

कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश तथा पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों को कवर कर चुका है। IMD ने अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि अगले दो से पांच दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वोत्तर के अन्य क्षेत्रों तक भी पहुंच सकता है। हालांकि दूसरी ओर 8 से 12 जून के बीच राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

Published: undefined

इन 17 राज्यों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का खतरा

IMD ने 7 जून को उत्तर प्रदेश, झारखंड, लद्दाख, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान-निकोबार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, त्रिपुरा और मणिपुर समेत 17 राज्यों में तूफानी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली की बात करें तो 7 जून को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं 8 और 9 जून को आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन तापमान बढ़कर क्रमशः 41 और 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Published: undefined

यूपी-बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में आजमगढ़, मऊ, देवरिया, जौनपुर, वाराणसी, संतकबीरनगर, मिर्जापुर, प्रयागराज, सोनभद्र, कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, अयोध्या और गोंडा समेत पूर्वांचल के कई जिलों में 7 जून को गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी यूपी में 10 से 12 जून के बीच बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि 9 और 10 जून को लू चल सकती है। पश्चिमी यूपी में 11 और 12 जून को बारिश तथा 9 से 11 जून के दौरान लू का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में सारण, बक्सर, कैमूर, औरंगाबाद, रोहतास, गया, नालंदा, वैशाली, पटना, शेखपुरा, जमुई और लखीसराय के लिए 7 जून को आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भागलपुर और बांका में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 जून को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

Published: undefined

राजस्थान में धूलभरी आंधी-लू का खतरा

राजस्थान में जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर, अलवर, सीकर और चूरू में अगले कुछ दिनों तक धूलभरी आंधी और गर्मी का असर बना रह सकता है, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में 7 से 12 जून तक तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 8 से 12 जून के बीच लू का अलर्ट जारी किया गया है।

Published: undefined

झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर, हजारीबाग, गिरिडीह, पलामू, गोड्डा और दुमका में 7 से 10 जून के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

Published: undefined

पहाड़ी राज्यों में मौसम बिगड़ने के संकेत

हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन, सिरमौर, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में 7 और 8 जून के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 11 और 12 जून को भी वर्षा की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, उधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली और रुद्रप्रयाग में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। 11 और 12 जून को आंधी, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया गया है।

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined