
देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 जुलाई को मध्य भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर भारत समेत 18 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन से चार दिनों तक मॉनसून के सक्रिय बने रहने की संभावना है। कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, औसत समुद्र तल पर मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के करीब है। वहीं, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। दूसरी ओर दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले सात दिनों तक बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है। IMD ने 22 से 25 जुलाई के बीच अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं की चेतावनी देते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने अगले आठ घंटों के भीतर पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, हरियाणा, केरल और ओडिशा समेत 18 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई जगहों पर जलभराव तथा बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में 22 जुलाई को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। 23 जुलाई से मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना है। उस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 24 और 25 जुलाई के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, जबकि 26 जुलाई को फिर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, आगरा, मथुरा, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट है। IMD के मुताबिक 22 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में भारी बारिश होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23-24 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश और 26-27 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी यूपी में 25 से 27 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
बिहार के कई हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पटना, रोहतास, नवादा और कैमूर समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पटना, गया, रोहतास, नवादा, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, बक्सर, सारण, सिवान, वैशाली, समस्तीपुर और बेगूसराय समेत 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज बारिश के कारण कुछ इलाकों में बाढ़ और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत समेत कई जिलों में 22 से 27 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक की भी संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में 22 जुलाई के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, किन्नौर और सिरमौर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में 27 जुलाई तक कई क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर जारी रहने के साथ कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई गई है।
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। IMD ने श्रीनगर, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, गांदरबल, कुपवाड़ा, पुंछ, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, उधमपुर, कठुआ, सांबा और जम्मू में 22 जुलाई के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 22 से 24 जुलाई तक मूसलाधार बारिश जारी रहने का अनुमान है, जबकि 25 से 27 जुलाई के बीच कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
करीब दो हफ्ते के अंतराल के बाद राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। 22 से 26 जुलाई के बीच कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में व्यापक बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है।
मध्य प्रदेश में भी करीब 10 दिनों के लंबे अंतराल के बाद मानसून सक्रिय हुआ है। नीमच, मंदसौर, उज्जैन, महाकालेश्वर, आगर मालवा, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, देवास, भोपाल, बैरागढ़, नबीबाग, रायसेन, भीमबेटका, सांची, नर्मदापुरम, पंचमढ़ी, होशंगाबाद और नरसिंहपुर में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
पंजाब में अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, रूपनगर और मोहाली समेत कई जिलों में 22 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। 23 और 27 जुलाई को भी कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
ओडिशा में 22 से 27 जुलाई तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। 22 और 24 से 26 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
झारखंड के रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, पलामू और गढ़वा समेत कई जिलों में आज बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं 24 और 25 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए