हालात

भीषण गर्मी में इंडिगो फ्लाइट की बिजली गुल, AC बंद होने से यात्रियों की हालत बिगड़ी

वडोदरा से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E657 में तकनीकी खराबी से बिजली और एसी बंद हो गए। 25 मिनट तक यात्री गर्मी और घुटन में फंसे रहे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

वडोदरा से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में सोमवार रात बड़ा तकनीकी संकट सामने आया, जब एयरपोर्ट पर खड़े विमान की अचानक बिजली गुल हो गई। बिजली जाते ही विमान का एयर कंडीशनर और केबिन लाइटें बंद हो गईं, जिससे फ्लाइट के अंदर अंधेरा छा गया और यात्रियों को भीषण गर्मी व घुटन का सामना करना पड़ा। करीब 25 मिनट तक यात्री बंद केबिन में फंसे रहे।

यह घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E657 में हुई। जानकारी के मुताबिक, रात 8:50 बजे से 9:15 बजे तक विमान के अंदर बिजली आपूर्ति बाधित रही। एयर कंडीशनर बंद होने के कारण गर्मी तेजी से बढ़ गई और यात्री बेचैन होने लगे। कई यात्री फाइलों, अखबारों और अन्य सामान से खुद को हवा करते नजर आए।

Published: undefined

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

फ्लाइट के अंदर मौजूद एक यात्री ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में यात्री अंधेरे और गर्मी के बीच परेशान दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यह तेजी से वायरल हो गया और एयरलाइन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे।

एयरपोर्ट के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, विमान का ग्राउंड पावर यूनिट (जीपीयू) अचानक तकनीकी खराबी की वजह से बंद हो गया था। इसी कारण विमान के अंदर बिजली सप्लाई ठप हो गई और एयर कंडीशनिंग सिस्टम भी बंद पड़ गया।

Published: undefined

क्या होता है ग्राउंड पावर यूनिट?

जब कोई विमान रनवे या टर्मिनल पर स्थिर खड़ा होता है, तब उसके मुख्य इंजन बंद रहते हैं। ऐसे समय में विमान के भीतर जरूरी सिस्टम चलाने के लिए ग्राउंड पावर यूनिट यानी जीपीयू बिजली की सप्लाई देता है। यही यूनिट केबिन लाइटिंग, एयर कंडीशनिंग, कॉकपिट डिस्प्ले, नेविगेशन सिस्टम और इंजनों को दोबारा स्टार्ट करने जैसी जरूरी प्रक्रियाओं को सपोर्ट करती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बिजली जाते ही एयरलाइन के टेक्नीशियंस ने तुरंत मरम्मत का काम शुरू किया। कुछ समय बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिसके बाद विमान का एसी और लाइटें फिर चालू हो गईं। स्थिति सामान्य होने के बाद फ्लाइट को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।  

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined