हालात

जम्मू-कश्मीर: रामबन के बनिहाल में फटा बादल, अचानक आई बाढ़ में एक की मौत

अधिकारियों ने बताया कि बनिहाल के पास बनकूट गांव के ऊपरी इलाकों में बादल फटने से गगरवाह और बनकूट नदियों में अचानक उफान आ गया।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सोमवार शाम बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में एक व्यक्ति बह गया। अधिकारियों ने यह जानकरी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बनिहाल तहसील के बानकूट क्षेत्र में हुई। उन्होंने बताया कि बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई और एक जेसीबी मशीन और उसका ऑपरेटर बह गया।

अधिकारियों ने बताया कि बनिहाल के पास बनकूट गांव के ऊपरी इलाकों में बादल फटने से गगरवाह और बनकूट नदियों में अचानक उफान आ गया। उन्होंने बताया कि अचानक आई बाढ़ ने निर्माणाधीन बनकूट-गुज्जरनार सड़क को भी नुकसान पहुंचाया और एक एलएंडटी मशीन और एक जेसीबी मशीन सहित मशीनरी को बहा ले गई।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक का शव नदी से निकाल लिया गया है और उसकी पहचान खड़ी तहसील के मंजूस इलाका निवासी 28 वर्षीय जहीर अहमद के रूप हुई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए