हालात

बिहार: जमुई में छात्रा से अभद्रता पर राहुल गांधी बोले- 'ये संस्कृति नहीं, पितृसत्ता है, आरोपियों पर हो सख्त कार्रवाई'

जमुई में छात्रा से कथित अभद्रता के मामले पर राहुल गांधी ने कहा कि यह संस्कृति नहीं, पितृसत्ता है और आरोपियों पर पोक्सो के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।

फाइल फोटोः @INCIndia
फाइल फोटोः @INCIndia 

  • जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा को रास्ते में रोककर अभद्रता का वीडियो सामने आया है।

  • राहुल गांधी ने घटना को लेकर कहा कि यह संस्कृति नहीं, बल्कि पितृसत्ता की सोच है।

  • उन्होंने वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर पोक्सो के तहत कार्रवाई की मांग की है।

  • जमुई एसपी के मुताबिक घटना 19 सितंबर की है और मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है।

बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा के नाबालिग छात्र-छात्रा को रास्ते में रोककर कथित तौर पर अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया भी शुरू हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने घटना पर चिंता जताते हुए इसे बेहद बेचैन करने वाला बताया और कहा कि किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद पर किसी पुरुष का नियंत्रण संस्कृति नहीं हो सकता।

‘यह संस्कृति नहीं, पितृसत्ता है’

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है। उन्होंने कहा कि 10वीं कक्षा के छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोका गया, उन्हें प्रताड़ित और अपमानित किया गया तथा छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया।

राहुल गांधी के मुताबिक, छात्रा हाथ जोड़कर उन्हें जाने देने की विनती करती रही, लेकिन वीडियो में दिख रहे लोग उसके साथ गलत तरीके से छूने और खींचतान जैसी हरकत करते रहे। उन्होंने सवाल उठाया कि इन लोगों को ऐसी बदतमीजी करने का अधिकार किसने दिया।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण रखने की सोच को संस्कृति नहीं कहा जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि जब ऐसी सोच को सामान्य मान लिया जाता है तो भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है।

राहुल गांधी ने पोक्सो के तहत कार्रवाई की मांग की

राहुल गांधी ने मांग की कि वीडियो में दिखाई दे रहे हर व्यक्ति की पहचान की जानी चाहिए और आरोपियों के खिलाफ पोक्सो के तहत मुकदमा चलाकर जल्द से जल्द सजा दिलाई जानी चाहिए।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर घटना 19 सितंबर की है तो आरोपी अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं। राहुल गांधी ने बिहार सरकार से पूछा कि शाम 7 बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है।

19 सितंबर की है घटना, एफआईआर दर्ज

जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल के मुताबिक घटना 19 सितंबर की है और इस संबंध में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग 10वीं कक्षा के छात्र-छात्रा हैं और जमुई शहर के रहने वाले हैं। दोनों शनिवार को कोचिंग करने के बाद स्कूटी से मड़वा पहाड़ घूमने गए थे। लौटने के दौरान सड़क पर कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो वायरल होने के बाद मामला सामने आया है।