हालात

झारखंडः हेमंत सोरेन ने JSSC-CGL समेत TDPL से हुई सभी परीक्षाओं को किया रद्द, 2014 से होगी जांच, छात्रों में जश्न

जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने के फैसले से आंदोलनकारी छात्रों में जश्न का माहौल देखा जा रहा है। सीएम हेमंत सोरेन के ऐलान के बाद रांची के एक स्टेडियम में धरने पर बैठे छात्रों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

झारखंडः हेमंत सोरेन ने JSSC-CGL समेत TDPL से हुई सभी परीक्षाओं को किया रद्द, 2014 से होगी जांच, छात्रों में जश्न
झारखंडः हेमंत सोरेन ने JSSC-CGL समेत TDPL से हुई सभी परीक्षाओं को किया रद्द, 2014 से होगी जांच, छात्रों में जश्न फोटोः IANS

झारखंड में 24 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सीएम हेमंत सोरेन सरकार ने छात्रों की सबसे बड़ी मांग को मानते हुए वर्ष 2024 में आयोजित जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा को रद्द कर दिया है। इसके साथ ही सरकार ने टीडीपीएल नामक एजेंसी द्वारा राज्य में कराई गई सभी भर्ती परीक्षाओं की भी रद्द कर दिया है। साथ ही सीएम ने ऐलान किया कि 2014 से भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की जांच होगी।

जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में करीब साढ़े चार घंटे की चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। बैठक के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने मीडिया को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 14वीं जेपीएससी पीटी और बैकलॉग सिविल सर्विस परीक्षा रद्द करने का निर्णय पूर्व में ही आंदोलित छात्रों के साथ वार्ता के दौरान लिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब 2014 से लेकर वर्तमान तक जेपीएससी और जेएसएससी की ओर से आयोजित भर्ती परीक्षाओं की व्यापक जांच कराने का फैसला किया है।

TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षा रद्द

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि जेएसएससी-सीजीएल में कथित गड़बड़ियों की एसआईटी और सीआईडी जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच में विभिन्न एजेंसियों के बीच कथित साठगांठ और घालमेल के संकेत मिले हैं। इसे देखते हुए यह परीक्षा रद्द की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच केवल किसी एक परीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी और पूरे मामले की तह तक जाना जरूरी है ताकि गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। मंत्रिमंडल ने आउटसोर्स एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 2014 से अब तक आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने और व्यापक जांच कराने का फैसला किया है।

परीक्षा सुधार के लिए एक समिति गठित होगी

उन्होंने कहा कि परीक्षा सुधार के लिए आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। समिति परीक्षा प्रणाली में जरूरी सुधारों का अध्ययन करेगी और आवश्यक सुझाव देगी। इसके अलावा सरकार ने राज्य के लोगों से भी परीक्षा सुधार को लेकर सुझाव मांगे हैं। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल पर सुझाव देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि नई परीक्षा व्यवस्था ऐसी हो, जिसमें किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रहे। परीक्षा संचालन से लेकर प्रश्नपत्र की सुरक्षा, एजेंसियों की भूमिका, मूल्यांकन और परिणाम तक पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाएगा।

सरकार युवाओं के विश्वास को डगमगाने नहीं देगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए मजबूत कानून बनाया है और उसे लागू करने की क्षमता भी रखती है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के हित, उनके भविष्य और उनके विश्वास को किसी भी परिस्थिति में डगमगाने नहीं देना चाहती। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंदोलन के दौरान मंत्रियों के साथ छात्रों की पहले हुई बैठकों में परीक्षा सुधार से जुड़े कई मुद्दों पर सहमति बनी थी। सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए उन सहमत बिंदुओं को लागू करेगी।

इसे भी पढ़ेंः झारखंड: सीजीएल परीक्षा गड़बड़ी केस में CID ने JSSC कार्यालय में मारा छापा, सचिव से हुई पूछताछ

आंदोलनकारी छात्रों में जश्न का माहौल

उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन को लेकर सरकार की ओर से पहले से ही एसओपी यानी मानक संचालन प्रक्रिया बनी हुई है। यदि उसका पूरी तरह पालन किया जाता तो इस तरह की गड़बड़ियां नहीं होतीं। अब इस प्रक्रिया को और मजबूत किया जाएगा और इसमें नए प्रावधान जोड़े जाएंगे। जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने के फैसले से आंदोलनकारी छात्रों में जश्न का माहौल देखा जा रहा है। हालांकि, परीक्षाओं में गड़बड़ी की सीबीआई जांच की मांग को लेकर सरकार ने फिलहाल कोई फैसला नहीं किया है।

इसे भी पढ़ेंः राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, छात्रों से व्यक्तिगत मुलाकात कर आंदोलन खत्म कराने की अपील

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए